एक राष्ट्र-एक संविधान का प्रचार करेगी भाजपा

By: Aug 30th, 2019 12:01 am

शिमला – प्रदेश भाजपा एक राष्ट्र, एक संविधान का प्रचार करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि एक राष्ट्र-एक संविधान का 70 वर्षों से चले आ रहे सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह एवं केंद्र सरकार ने अनुच्छेद-370 एवं 35-ए को समाप्त कर साकार किया है। केंद्र में पुनः पूर्ण बहुमत की मोदी सरकार बनने के सौ दिनों के अंदर लिया गया यह निर्णय इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों से लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता मोदी सरकार के इस निर्णय की प्रशंसा कर रही है, लेकिन कुछ लोग मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से गलत तथ्यों को पेश कर गलत जानकारी देकर लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।  भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मीडिया व सोशल मीडिया द्वारा फैलाई जा रही गलत भ्रांतियों को दूर करने के लिए भाजपा पहली से 30 सितंबर तक संपर्क अभियान-जन जागरण अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर को प्रदेश संयोजक व प्रदेश सचिव विनोद महाजन को सह संयोजक बनाया गया है।  सतपाल सत्ती ने कहा कि इस संपर्क अभियान-जनजागरण अभियान का प्रदेश स्तरीय कार्यक्त्रम शिमला में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित प्रदेश के सभी प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों पर भी संगोष्ठियां व सेमिनार आयोजित करेगी, जिसमें जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भाग लेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App