एक लाख की रिश्वत लेते दबोचा धर्मशाला नगर निगम का जेई

By: Aug 30th, 2019 12:07 am

विजिलेंस ने सड़क किनारे ही रंगे हाथ पकड़ा आरोपी

धर्मशाला     – नगर निगम धर्मशाला के एक जूनियर इंजीनियर को विजिलेंस ने एक लाख की रिश्वत लेते  रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी जेई को विजिलेंस टीम ने निगम कार्यालय के बाहर फायर ब्रिगेड कार्यालय के पास सड़क के किनारे ही दबोच लिया। रिश्वत के पैसे लेकर जैसे ही आरोपी ने निगम कार्यालय की ओर कदम बढ़ाए, विजिलेंस की एक गाड़ी आगे और एक पीछे खड़ी हो गई। इससे पहले कि आरोपी कुछ सोच पाता, विजिलेंस टीम ने सड़क पर ही जेई को रंगे हाथों धनराशि के साथ घेर लिया। विजिलेंस ने इतनी मुस्तैदी से जाल बिछाया कि आरोपी जेई कुछ समझ भी नहीं पाया। आरोप है कि जेई कंपलीशन सर्टिफिकेट जारी करने को पहले ही एक  लाख वसूल चुका था। ऐसे में कुल दो लाख की रिश्वत लेने पर पुलिस ने शिकंजा कसा। नक्शे पास करवाने को लेकर पहले ही निगम में हर दिन सवाल उठते रहे हैं। होटलियर से लेकर आम आदमी तक समय पर उनके काम न होने को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। बताया जा रहा है कि निगम के पास मौजूदा समय में भी करीब 350 से अधिक नक्शे पास होने को पेंडिंग पड़े हैं। नगर निगम धर्मशाला में होटलों सहित अन्य भवनों  की फाइलों के गुम होने का सिलसिला भी बहुत पुराना है। साथ ही फाइलों को पास करवाने के लिए लोगों को सालों चक्कर लगाने पड़ते हैं। इस संबध में कई बार शिकायतें भी हुई हैं। कई बार आरोप लगते रहे हैं, जिन्हें गुरुवार को हुई कार्रवाई ने पुष्ट कर दिया है। इससे उन लोगों में खुशी का माहौल है, जिनके काम पिछले कई दिनों से लटके हुए हैं। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी एक लाख रुपए का भुगतान जेई को कर दिया था और बाकी एक लाख रुपए बाद में देने की बात तय हुई थी। इसी बीच शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत विजिलेंस से की। इस पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार को शेष एक लाख रुपए लेते हुए आरोपी को फिल्मी अंदाज में रंगे हाथों पकड़ लिया। नॉर्थ जोन विजिलेंस के एसपी अरुल कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

एसडीओ बनने वाले थे आरोपी जेईः नगर परिषद के समय से काम कर रहेआरोपी जेई अब प्रोमोट होकर एसडीओ बनने वाले थे। उनकी प्रोमोशन की फाइल भी तैयार हो गई थी, लेकिन लालच में उन्होंने अपनी ही नहीं, निगम की साख को भी दांव पर लगा दिया। उन पर हुई कार्रवाई के बाद गुरुवार को कइयों के चेहरों के रंग उड़े हुए थे।

गिरफ्तारी से और खुलासों की संभावना ः जेई की गिरफ्तार के बाद और अधिक खुलासे होने की भी उम्मीद लगाई जा रही है। कहा जा रहा है कि इतनी बड़ी राशि अकेले जेई नहीं ले सकता, बल्कि इस खेल में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। बहरहाल पहले ही स्टाफ की कमी से जूझ रहे नगर निगम धर्मशाला का काम जेई के फंसने के बाद अब और ज्यादा प्रभावित होगा। सरकार को इस ओर ध्यान देना होगा।

जेई सहित अन्य कर्मचारियों के घरों पर छापे

धर्मशाला – विजिलेंस ने नगर निगम धर्मशाला के जेई को रिश्वत मामले में गिरफ्तार करने के बाद उसके घर पर भी छापेमारी की है। इसके साथ ही विजिलेंस की टीम ने नगर निगम धर्मशाला के अन्य कर्मचारियों के घरों पर भी जांच की है। विजिलेंस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए जेई सहित अन्य कर्मचारियों के घरों में भी छापेमारी की जा रही है, जिसमें रिश्वत के पैसों सहित अन्य सामान रखने की बात सामने आ रही है। विजिलेंस टीम आय से अधिक संपति मामले को लेकर भी जांच कर रही है, जिसके तहत अब बड़ी कार्रवाई हो सकती है। गुरुवार देर रात तक विजिलेंस की दो टीमों ने निगम के कर्मचारियों के घरों में पहुंचकर छापेमारी की। साथ ही अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों से भी पूछताछ का सिलसिला भी जारी रहा। सूत्रों के अनुसार जिला मुख्यालय धर्मशाला के अन्य भी कई सरकारी कार्यालय विजिलेंस के राडार पर हैं। इनमें लगातार भ्रष्टाचार संबंधित शिकायतें मिल रही हैं। उधर, विजिलेंस एसपी अरुल कुमार ने बताया कि मामले को लेकर गंभीरता से जांच की जा रही है। छापेमारी जांच-पड़ताल के तहत की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App