कड़ी मशक्कत के बाद नदी से निकाली गाय

By: Aug 28th, 2019 12:18 am

सैंज -उपतहसील के मुख्य बाजार सैंज में सोमवार शाम करीब पांच बजे पुल पार करते हुए एक गाय नदी के एक छोर पर करीब 50 फुट नीचे जा गिरी। गाय को गिरते देख सैंज पत्रकार परिषद के सदस्य अशोक कुमार ने अपने साथियों को सूचित किया और सभी ने मिलकर गाय को निकालने का प्रयास किया। उपयुक्त संसाधन न होने के कारण परिषद नदी में फंसी गाय को बाहर निकालने में नाकाम रही और पुल के साथ लगे साइन बोर्ड में अंकित आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के टोल फ्री नंबर 1077 पर सहायता के लिए गुहार लगाई, लेकिन देर रात तक आपदा प्रबंधन की ओर से कोई नहीं पहुंचा। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की इस कार्यप्रणाली से एक ओर जहां सैंज में इंतजार कर रहे लोगों ने गुमराह करने का आरोप लगाया, वहीं आपदा से निपटने की तैयारी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पत्रकार परिषद के प्रधान झाबे राम ने बताया कि दो घंटे से अधिक का समय बीतने के उपरांत आपदा प्रबंधन टीम के आने की उम्मीद धूमिल होती गई और परिषद की पहल पर व्यापारी विकास समिति सैंज तथा सैंज संयुक्त संघर्ष समिति सहित स्थानीय लोगों ने पैसा एकत्रित कर जेसीबी मंगवाई और चार घंटे से फंसी गाय को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला। इस दौरान व्यापारी विकास समिति सैंज के प्रधान सुरेश कुमार, सलाहकार एवं पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर, सैंज संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेश शर्मा, सैंज पत्रकार परिषद के प्रधान झाबे राम, महासचिव बुद्धि सिंह ठाकुर, उपप्रधान सुमन पालसरा, सदस्य अशोक कुमार, एवं महेंद्र पालसरा ने सहयोग दिया। वहीं मौके पर पशु पालन विभाग की ओर से आए जोगिंद्र एवं उनके एक अन्य साथी ने पत्रकार परिषद की सूचना के आधार पर गाय को गिरने के बाद टीके लगाए साथ ही गाय को बांधने के लिए जाल व रस्सी इत्यादि का प्रबंध करने के बाद पूरे चार घंटे सहयोग किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App