चमोली में बादल फटा, छह की मौत

By: Aug 13th, 2019 12:02 am

उत्तराखंड में बारिश का कहर जारी, खतरे के निशान से दो मीटर नीचे बह रही गंगा

देहरादून – उत्तराखंड के चमोली में एक बार फिर बादल फटने की जानकारी मिली है। चमोली के घाट क्षेत्र में सोमवार को बादल फटने के कारण छह लोगों की मौत हो गई। मौके पर प्रशासन के आला अधिकारी पहुंच गए और राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक बादल फटने से तीन गांव में हुए भू-स्खलन में मलबे में दबने से छह लोगों की मौत हो गई। पहली घटना घाट ब्लॅक के बांज बगड़ गांव में हुई। यहां सोमवार तड़के पांच बजे बादल फट गया। हादसे में मकान गिरने से रूपा देवी (36) और उसकी छह महीने की पुत्री चंदा की मृत्यु हो गई, जबकि दो बैल, एक भैंस, दो गउएं, एक बछड़ा और 40 बकरियों की भी मौत हो गई। वहीं, दूसरी घटना आली गांव में हुई। यहां बादल फटने से हुए भू-स्खलन से एक मकान मलबे में दब गया, जिसमें भौरली (21) की दफकर मौत हो गई। तीसरी घटना लाखी गांव में हुई। यहां सुबह 8.45 बजे बादल फटने से गांव के शंकर लाल का मकान भू-स्खलन की चपेट में आ गया। मलबे में दबकर शंकरलाल की दो पुत्रियां आरती और अंजली के साथ शंकर लाल का भतीजे अजय की मौत हो गई। सभी मृतकों के शव मलबे से निकाल लिए गए हैं। इसके अतिरिक्त मसलाधार बारिश के कारण राज्य के सभी 13 जनपदों में अधिकांश सड़क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। गंगा नदी खतरे के निशान से मात्र दो मीटर नीचे बह रही है। अन्य नदियों का भी जलस्तर खतरे के निशान के पास बह रहा है। राज्य मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में विभिन्न जनपदों में मध्यम से भारी बारिश होने की आशंका व्यक्त की है। जनपदों में पुलिस प्रशासन ने नदी, नालों के किनारे बसी बस्तियों को खाली करा दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App