छात्रा पर स्प्रे करने वाले अभी भी फरार

By: Aug 23rd, 2019 12:20 am

अंब – धार्मिक स्थल मैड़ी में बुधवार को स्कूली छात्रा के मुंह पर अज्ञात बाइक सवार लोगों द्वारा स्प्रे करने के घटनाक्रम के बाद पुलिस अभी तक आरोपियों के कोई सुराग नहीं ढूंढ पाई है। पीडि़त लड़की अभी अंब अस्पताल में दाखिल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार  घटना के थोड़ी ही दूरी पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में घटनाक्रम के दौरान एक बाइक पर सवार दो लोगों को ज्वार की तरफ जाते देखा जा रहा है, लेकिन बाइक के आगे पीछे लगी नंबर प्लेट पर कोई नंबर नहीं है। बाइक के पीछे एक थैला लटका हुआ है। बाइक सवार ज्वार की तरफ जाते दिखाई दे रहे हैं। उक्त बाइक को घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन बाइक सवारों का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने उक्त सीसीटीवी की फुटेज पीडि़त छात्रा को भी दिखाई है, लेकिन लड़की बाइक पर सवार लोगों को पहचान नहीं पाई है। घटना के वक्त स्प्रे किस चीज की हुई है। इसका कोई पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार स्प्रे करने के बाद छात्रा एकदम साथ लगती आईटीआई की तरफ भाग खड़ी हुई थी। उस वक्त संस्थान के बाहर खड़ी जिस मैडम के सामने लड़की ने उल्टियां मारने शुरू कर दी थी। पुलिस ने सारी हकीकत जानने के लिए उस मैडम से भी पूछताछ की है। उक्त घटनाक्रम की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस अपने प्रत्येक एंगल से  प्रयास कर रही है। पुलिस ने पीडि़ता की सहलियों से भी कई बिंदुओं पर पूछताछ की है। लड़की को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पुलिस उसस भी घटनाक्रम की जानकारी एकत्रित करेगी। पुलिस ने बुधवार शाम को मैड़ी के एक जंगल मे जिन तीन पंजाबी संदिग्ध लोगों को पकड़ा है। उनसे भी पूछताछ की जा रही है। उधर, दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्रवासियों में दहशत का मौहाल बना हुआ है। लोग अपने बच्चों को अकेले स्कूल भेजने में घबरा रहे हैं। डीएसपी मनोज जम्वाल ने बताया कि लोगों को घबराने की बिलकुल कोई जरूरत नहीं है। पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह सचेत है। उन्होंने बताया कि मैड़ी में छात्रा घटनाक्रम की जांच पड़ताल जारी है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App