जम्मू को तीन दिन बाद नाइट बस

By: Aug 13th, 2019 12:01 am

पंजाब-जे एंड के से शुरुआत न होने पर निगम ने लिया फैसला

शिमला – हिमाचल पथ परिवहन निगम जम्मू के लिए तीन दिन बाद नाइट बस सर्विस बहाल करेगा। हालांकि पथ परिवहन निगम ने जम्मू के लिए डे बस सर्विस बहाल कर दी है। निगम द्वारा सोमवार से जम्मू के लिए नाइट बस सेवा बहाल की जा रही थी, लेकिन पजांब व जम्मू से नाइट बस सेवा बहाल न होने पर निगम प्रबंधन ने भी जम्मू के लिए नाइट बस सेवा बहाल करने के लिए अभी दो-तीन दिन और प्रतिक्षा करने का फैसला लिया है। निगम प्रबंधन के मुताबिक हालात पूर्ण रूप से सामान्य होने पर जम्मू के लिए रात्रि बस सेवा बहाल कर दी जाएगी। मौजूदा समय में प्रदेश से जम्मू के लिए एचआरटीसी की पांच बसें चलती हैं। इन बसों में काफी संख्या में यात्री सफर करते हैं। रविवार को निगम ने पठानकोट-जम्मू के साथ-साथ दिन के समय जम्मू को जाने वाली बसें रवाना की। ऐसे में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे कश्मीरी घर लौटना शुरू हो गए हैं। सोमवार को भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से जम्मू के लिए 13 बसें रवाना हुई हैं। निगम प्रबंधन का दावा है कि जम्मू के लिए सभी डे बस सर्विस सेवा पूर्ण रूप से बहाल कर दी गई है। पथ परिवहन निगम के मंडलीय प्रबधक पंकज सिंघल ने बताया कि जम्मू के लिए डे बस सर्विस पूर्ण रूप से बहाल कर दी गई है। पड़ोसी राज्यों से भी जम्मू के लिए रात्रि बसें नहीं भेजी जा रही। जम्मू से भी रात्रि बस सेवा बंद है। ऐसे में स्थिति देखते हुए निगम ने भी रात्रि बस सेवा बहाल करने के लिए अभी दो-तीन दिन हालात सामान्य होने का फैसला लिया है। हिमाचल से जम्मू के लिए नाइट में पांच बसें चलती हैं, जिसमें शिमला से कटरा व जम्मू के लिए बसें चलती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App