टिकट आबंटन से पहले टटोली कार्यकर्ताओं की नब्ज

By: Aug 21st, 2019 12:01 am

धर्मशाला में शिवराज चौहान, कुलदीप राठौर ने उपचुनाव को लेकर की चर्चा

धर्मशाला   – विधानसभा उप चुनाव के लिए बिसात बिछनी शुरू हो गई है। मंगलवार को मध्य प्रदेश  के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज चौहान ने सदस्यता अभियान और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने राजीव गांधी की जयंती के बहाने धर्मशाला में अपनी-अपनी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से बैठकें कर चुनावों को लेकर नब्ज टटोली। सेना के सेवानिवृत्त अधिकारियों को भाजपा में शामिल करवाकर शिवराज ने सीधे 370 के मुद्दे पर कांग्रेस पर सियासी प्रहार कर स्पष्ट कर दिया है कि बीजेपी आगामी चुनावों में कांग्रेस के खिलाफ इसे बड़ा मुद्दा बनाकर भुनाएगी। इसके अलावा कांग्रेस को परिवारवाद से बाहर न निकलने के मुद्दे पर भी घेरते हुए कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने की सियासत खेली जाएगी। उधर, कांग्रेस ने भी मंगलवार को राजीव जयंती के बहाने बड़ा कार्यक्रम कर भाजपा को चुनावों में चुनौती देने का काम किया है, लेकिन पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के खिलाफ पिछले कुछ दिनों से भाजपा में जाने की अफवाहों के वायरल होने और मंगलवार को धर्मशाला में उनकी गैरमौजूदगी ने इस मामले को खूब तूल दिया। इसके तुरंत बाद सुधीर शर्मा ने अपने स्वास्थ्य का हवाला देते हुए प्रेस नोट जारी कर इन अफवाहों पर विराम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पार्टी के भीतर ही उनके विरोधी धड़े ने अलग कार्यकम कर नई सियासी चर्चाओं को जन्म दे दिया है। चुनावों के नाजुक वक्त में प्रदेश अध्यक्ष सहित तमाम कांग्रेस नेताओं को अलग-अलग कार्यक्रमों में शिरकत करनी पड़ी। उपचुनाव पर हर दिन नए समीकरण बन रहे हैं। भाजपा में एक अनार सौ बीमार की स्थिति के बाद अब कांग्रेस में चुनावों से ठीक पहले  शुरू हुई गतिविधियों और सुधीर शर्मा के खिलाफ प्रचार के बाद चुनावी माहौल बदलने लगा है। दोनों ओर गुटबाजी के बीच भाजपा व कांग्रेस अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं में किस तरह से समन्वय बिठाती हैं, यह देखने वाली बात होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App