टिक टॉक पर संकट में खाकी

By: Aug 8th, 2019 12:02 am

चंडीगढ़ – गुजरात समेत देश के अन्य राज्यों में पुलिस कर्मियों के टिक टॉक पर वीडियो बनाने का के्रज खूब सामने आ रहा है। अब चंडीगढ़ पुलिस में तैनात दो महिला पुलिसकर्मियों की टिक टॉक  वीडियो चर्चा में है। दो वीडियो में वह अलग-अलग गाडि़यों में वर्दी पहनकर थाने के सामने स्टाइल मारती नजर आ रही हैं। पहली वीडियो को लेडी हेड कांस्टेबल गुरप्रीत कौर ने थार जीप में सवार होकर बनाया है। इसे सेक्टर-17 के वूमेन पुलिस थाने के सामने बनाया गया है, जबकि सफेद कार में बनाई गई दूसरी वीडियो शहर के किसी दूसरी जगह पर बनाई गई है। इस वीडियो  में महिला हेड कांस्टेबल दूसरी महिला पुलिसकर्मी के साथ एक्शन करती नजर आ रही है। पुलिस अधिकारी ने दूसरी वीडियो  के अभी तक संज्ञान में न आने की बात कही है। बहरहाल, थार जीप वाली टिक टॉक वीडियो को संज्ञान में लेकर अधिकारियों ने डिपार्टमेंटल जांच खोल दी है। सूत्रों की मानें तो महिला हेड कांस्टेबल सहित दोनों महिला पुलिसकर्मियों पर गाज गिर सकती है।  गौरतलब है कि महिला हेड कांस्टेबल गुरप्रीत कौर सेक्टर-17 पुलिस स्टेशन में तैनात हैं, जबकि दूसरी टिक टॉक वीडियो में गुरप्रीत कौर के साथ नजर आ रही एक अन्य महिला पुलिसकर्मी की पहचान का अभी खुलासा नहीं हो सका है। चंडीगढ़ पुलिस की महिला हेड कांस्टेबल गुरप्रीत कौर ने टिक टॉक पर एक अकाउंट बनाया है। इस अकाउंट पर कुल तीन लाख 87 हजार 400 लाइक्स, 48 हजार 400 फॉलोअर्स हैं। इसके साथ गुरप्रीत कौर 26 लोगों को फॉलो कर रही हैं। आइडी अकाउंट पर लिखा हुआ है कि साइबर क्राइम चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस, वी-केयर फॉर यू। चंडीगढ़ पुलिस की पीआरओ और डीएसपी चरणजीत सिंह ने बताया कि थार जीप में महिला हेड कांस्टेबल की ओर से वर्दी में बनाई गई वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने डिपार्टमेंट इंक्वायरी मार्क कर दी है। जबकि, दूसरी वीडियो  का अभी संज्ञान नहीं लिया गया है। डीएसपी रैंक के अधिकारी मामले की जांच करेंगे। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App