दस करोड़ पार अंडा उत्पादन का ग्राफ

By: Aug 1st, 2019 12:01 am

पालमपुर – प्रदेश में अंडों के उत्पादन का ग्राफ एक बार फिर एक हजार लाख के आंकड़े को पार कर गया है। 2018-19 में प्रदेश में 1007.002 लाख अंडों की पैदावार हुई है, जो कि 2017-18 के मुकाबले करीब 26 लाख ज्यादा है। तीन साल के बाद प्रदेश में अंडों के उत्पादन का आंकड़ा एक हजार लाख की संख्या से आगे निकला है। प्रदेश में अंडों के उत्पादन में 2017-18 की तुलना में 2018-19 में इजाफा दर्ज किया गया है, लेकिन इस दौरान तीन जिलों में अंडों की पैदावार का ग्राफ गत साल के मुकाबले लुढ़क गया है। अंडों के उत्पादन के क्षेत्र में जिला उना, सोलन और लाहुल-स्पीति 2018-19 में अपने ही आंकड़े से पिछड़ गए हैं। जानकारी के अनुसार 2018-19 में प्रदेश में 1007.002 लाख अंडों की पैदावार हुई, जो कि 2017-18 के मुकाबले 25.601 लाख अधिक है। अंडों की पैदावार में कांगड़ा जिला पहले नंबर पर रहा, कांगड़ा जिला में 2017-18 में अंडों के उत्पादन का आंकड़ा 223.406 लाख रहा था, जो कि 2018-19 में 225.386 लाख तक जा पहुंचा है। जिला सोलन तो अंडों के उत्पादन के ग्राफ में लगातार दूसरे वर्ष गिरावट दर्ज की गई है। 2016-17 में जिला सोलन में 186.304 लाख अंडों का उत्पादन हुआ था, जो 2017-18 में यह गिरकर 150.285 लाख और 2018-19 में लुढ़क कर 142.441 लाख तक जा पहुंचा। जिला उना में 2018-19 में 121.189 लाख अंडों का उत्पादन हुआ, जो कि 2017-18 के 125.086 लाख की तुलना में कम रहा। 2018-19 में जिला बिलासुपर में 154.275 लाख, जिला चंबा में 102.924, जिला हमीरपुर में 29.28, जिला किन्नौर में 12.055, जिला लाहुल-स्पीति में 3.806, जिला मंडी में 82.795, जिला शिमला में 64.31, जिला सिरमौर में 26.16 और जिला उना में 121.189 लाख अंड़ों का उत्पादन हुआ।

2014-15 के बाद गिरा उत्पादन

प्रदेश में अंडों की पैदावार के ग्राफ में 2014-15 के बाद से गिरावट दर्ज की जा रही है। जानकारी के अनुसार 2013-14 में प्रदेश में 1075.48 लाख और 2014-15 में 1084.33 लाख अंडों का उत्पादन हुआ था। उसके बाद से यह ग्राफ इस आंकड़े को छू नहीं पाया है। 2015-16 में 811.67, 2016-17 में 958.99 और 2017-18 में 981.40 लाख अंडों का उत्पादन प्रदेश में हुआ है। इसी संख्या के आधार प्रति व्यक्ति सालाना उपलब्ध अंडों की संख्या भी 16 से कम होकर 14.7 रह गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App