दो साल की मासूम से दुराचार

By: Aug 9th, 2019 12:30 am

किन्नौर के स्किबा में नालागढ़ के युवक ने अंजाम दी वारदात, आरोपी गिरफ्तार

रिकांगपिओ – किन्नौर जिला के मुरंग थाना के अंतर्गत स्किबा नामक स्थान में दो साल की बच्ची से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। किन्नौर पुलिस ने युवक के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक नालागढ़ का बताया जा रहा है। युवक स्किबा में किसी निजी दुकान में काम करता है। पुलिस के अनुसार बुधवार को दोपहर बाद नेपाली मूल की दो साल की बच्ची ने उसकी मां से दर्द की शिकायत की। मां तुरंत बच्ची को चिकित्सालय लेकर गई। डाक्टरों ने प्रारंभिक जांच में बच्ची से दुष्कर्म होना पाया। इस पर पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने जय पाल (28) निवासी द्रमोग, नालागढ़ को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़ता का परिवार व दुष्कर्मी एक ही भवन परिसर में रहते हैं। डीएसपी किन्नौर विपिन राणा ने बताया कि युवक के विरुद्ध पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर कार्रवाई की जा रही है।

11 साल के बच्चे से कुकर्म

अर्की – अर्की पुलिस थाना के तहत एक प्रवासी व्यक्ति ने 11 वर्षीय बालक से कुकर्म कर डाला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसके तीन बच्चे हैं, उसके दो लड़के पहली अगस्त को अपनी बुआ के घर गए थे और अगले दिन दोनों वापस घर आ गए। दो दिन बाद जब स्कूल खुले, तो उसका छोटा लड़का स्कूल जाने से मना करने लगा। कारण पूछने पर उसने बताया कि जब वह बुआ के घर था, तो शाम को रविंद्र सिंह, जो कि मिस्त्री का काम करता है व उसकी बुआ के घर में आता रहता है, उसे अपने साथ जबरदस्ती बाइक पर बिठाकर जंगल की ओर ले गया। वहां उसने उसके साथ अनैतिक कार्य किया। साथ ही उसने धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो उसे जान से मार देगा। डीएसपी पूर्णचंद ठुकराल ने बताया कि आरोपी रविंद्र सिंह निवासी रामपुर बंगरा उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App