धर्मशाला में पैट्रियोटिक थीम पार्क का काम जल्द

By: Aug 12th, 2019 12:01 am

धर्मशाला – वीरभूमि हिमाचल प्रदेश की पहली स्मार्ट सिटी धर्मशाला में राज्य का पहला पैट्रियोटिक थीम पार्क का जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। स्मार्ट शहर धर्मशाला में थीम बेस्ट पार्क बनाए जाने के प्रोपोजल पर आखिर एक से डेढ़ साल बाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा कार्य को गति प्रदान कर दी गई है। इसमें सबसे पहले पैट्रियोटिक, म्यूजिक और योग व एक्सरसाइज थीम बेस्ड पार्क बनाए जाने पर कार्य किया जाएगा। कोतवाली बाजार गांधी पार्क में बनने वाले पैट्रियोटिक थीम पार्क में देश की आजादी में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं को सजाया जाएगा। इसके अलावा चरान में म्यूजिक थीम, तो रामनगर में योग एक्सरसाइज थीम पर फोकस करके नई तरह के मॉडल पार्क बनाए जाएंगे। साथ ही पुलिस स्टेशन धर्मशाला चौक के साथ लगते पार्क को भी स्मार्ट पार्क बनाने के प्रोपोजल में लिया गया है। शहर में कुल 3.77 करोड़ रुपए की राशि चार महत्त्वपूर्ण पार्क बनाने पर खर्च की जाएगी। इसके लिए अब टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लगभग छह माह पहले शिलान्यास कर गए थे, लेकिन अब तक प्रक्रिया ही सही तरीके से नहीं चल पाई थी। पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, भगत सिंह, आजाद चंद्रशेखर, सुभाष चंद्र बोस, झांसी की रानी, डा. राजेंद्र प्रसाद, सरदार वल्लभभाई पटेल और अन्य सैनानियों की प्रतिमाएं भी लगाई जाएंगी। इसके अलावा म्यूजिकल थीम बेस्ड पार्क चरान खड्ड के पास बनाया जाएगा। इस पार्क में म्यूजिक के अधिक से अधिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे, जो अलग-अलग तरह के म्यूजिक से बच्चों और लोगों को मनोरंजन करेंगे। वहीं रामनगर में योग व एक्सरसाइज आधारित थीम पार्क बनाया जाएगा। इसके अलावा पुलिस थाना चौक में साधारण पार्क बनाया जाएगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी के तहत 3.77 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।

स्मार्ट शहर में सेनानियों को श्रद्धांजलि

स्मार्ट सिटी धर्मशाला के थीम बेस्ड पार्क बनाए जाने के प्रोजेक्ट के तहत अब गांधी-नेहरू पार्क को पेट्रियोटिक आधार पर बनाकर तस्वीर ही बदल दी जाएगी। प्रदेश में पहली बार स्मार्ट शहर में ही देश के स्वतंत्रता सैनानियों को सच्ची श्रद्धाजंलि देने, युवा पीढ़ी को उनके जीवन के बारे में बताने और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी उनके संदेश पर चलने के लिए नई पहल की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App