नगर कीर्तन का रेड कार्पेट पर भव्य स्वागत

By: Aug 2nd, 2019 12:02 am

पहली बार पाक के ननकाना साहिब से भारत पहुंचा श्रीगुरु ग्रंथ साहिब

अमृतसर – श्रीगुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित श्री ननकाना साहिब (पाकिस्तान) से  शुरू हुआ अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन पहली बार गुरुवार को यहां वाघा-अटारी सीमा पर अंतरराष्ट्रीय सड़क मार्ग से भारत में प्रवेश हुआ, जहां इसका रेड कार्पेट पर भव्य स्वागत किया गया। जीरो लाइन से ज्यों ही सिंह साहिब ज्ञानी जगतार सिंह श्रीगुरु ग्रंथ साहिब जी का पावन स्वरूप भारत लेकर दाखिल हुए, तो संगत द्वारा आकाश को छूने वाले जयकारों के साथ सरहद का माहौल केसरी रंग में रंग दिया गया। भारत दाखिल होने पर श्रीगुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूप को शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल, केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, जत्थेदार तोता सिंह, बिक्रम सिंह मजीठिया, बीबी जगीर कौर, गुलजार सिंह रानिके, निर्मल सिंह काहलों, विरसा सिंह वल्टोहा, दमदमी टकसाल के मुखी बाबा हरनाम सिंह खालसा, पंजाब कैबिनेट मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, मंत्री ओपी सोनी, सांसद अमृतसर गुरजीत सिंह औजला समेत लाखों की तादाद मेेें संगत सरहद में स्वागत के लिए पहुंची थी। श्रीगुरु ग्रंथ साहिब के भारत में पहुंचने पर पंजाब पुलिस द्वारा रिवायती ढंग के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अटारी से अमृतसर के रास्ते में नगर कीर्तन के दौरान श्रीहरमंदिर साहिब के एडिशनल हैड ग्रंथी ज्ञानी जगतार सिंह ने श्रीगुरु ग्रंथ साहिब जी हजूरी में बैठकर सेवा निभाई। पांच प्यारों को सिरोपा देकर उनका सत्कार किया गया। अटारी सरहद से अमृतसर के रास्ते में अलग-अलग जगह पर अनेक संप्रदायों तथा संगत की तरफ से लंगर लगाए। नगर कीर्तन के स्वागत के लिए बैंड पार्टी तथा गतका पार्टियां भी पहुंची हुई थीं। स्कूलों के बच्चों ने भी खालसा की पोशाक पहन नगर कीर्तन की शोभा बढ़ाई। बाबा कश्मीर सिंह भूरी वालों ने संगत के लिए लंगर तथा मीठे जल की विशेष व्यवस्था की थी। इस अवसर पर कमेटी मेंबर भाई राम सिंह, सरदार मंगविंदर सिंह, बाबा निर्मल सिंह, जसविंदर सिंह व कुलविंदर सिंह आदि मौजूद थे।

दस क्विंटल फूल बरसाए

श्रीगुरु नानक देव जी के प्रकाश स्थान गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब से पहली बार भारत के लिए आरंभ हुए अंतरराष्ट्रीय नगर कीर्तन के लिए जोरदार तैयारियां की गई थीं। स्वागत के लिए अटारी सीमा पर लगभग आठ सौ मीटर तक रेड कार्पेट बिछाया गया था। फूल वर्षा के लिए 10 क्विंटल फूल लाए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App