नहीं भुलाया जा सकता योगदान

By: Aug 25th, 2019 12:04 am

पूर्व वित्त मंत्री के निधन पर राज्यपाल, सीएम ने जताया शोक

 शिमला –राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विधानसभा के अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि जेटली एक सुलझे हुए, विषयों पर गहरी पकड़ रखने वाले, दूदृष्टा, कर्मठ और कद्दावार नेता थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में विभिन्न पदों पर रहकर महत्वपूर्ण सेवाएं दीं और देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली ने देश के लिए कभी न भूलने वाले योगदान दिए हैं। उन्हें उनके दूरदर्शी नेतृत्व और देश के लिए जन सहयोग व राष्ट्रीय उत्थान के कार्य के लिए हमेशा याद किया जाएगा। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि अरुण जेटली ने विभिन्न पदों पर रहकर देश को अपनी सेवाएं दी और वह सरकार व पार्टी संगठन के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण थे। केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण विभागों को प्रभावी ढंग से संभाला। वहीं राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों महेंद्र सिंह, सुरेश भारद्वाज, सरवीण चौधरी, रामलाल मार्कंडेय, विपिन सिंह परमार, वीरेंद्र कंवर, बिक्रम सिंह, गोविंद सिंह ठाकुर व डा. राजीव सहजल ने भी अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वहीं कांगे्रस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने शोक व्यक्त किया है। श्री अग्निहोत्री ने कहा कि अरुण जेटली एक प्रसिद्ध वकील रहे हैं। उन्होंने कई मामले देश के अदालतों में लड़े हैं। उन्होंने कहा कि अरुण जेटली ने राजनीति में भी अपनी अलग पहचान बनाई, ऐसे में उनका यूं जाना एक क्षति है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App