नाहन जेल से फिर भागा कैदी

By: Aug 17th, 2019 12:15 am

स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाते वक्त हुआ फरार

नाहन -पूरा राष्ट्र जहां देश भर में स्वतंत्रता दिवस मना रहा था, वहीं केंद्रीय आदर्श कारागार नाहन में 15 अगस्त को दोपहर बाद जेल से एक कैदी फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह उस वक्त फरार हुआ, जब जेल का एक कर्मी उसे नियमित जांच के लिए मेडिकल कालेज नाहन ले गया था। कैदी पंजाब के जालंधर का रहने वाला है, जो दुष्कर्म की सजा काट रहा था। कैदी की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। बता दें इससे पहले भी यहां के कैदियों के फरार होने की घटनाएं पेश आ चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक  गुरुवार देर शाम तक जेल कर्मी दिन भर फरार हुए कैदी को तलाश करते रहे। वहीं शुक्रवार सुबह नाहन पुलिस थाना सदर में फरार कैदी के भागने का मामला दर्ज करवाया गया। सूत्रों के मुताबिक जेल का सुरक्षाकर्मी ही उसे बाहर लेकर आया था। अब सवाल यह भी उठ रहा है कि पुलिस सुरक्षा के बगैर कैदी को बाहर कैसे लाया गया। बताया जा रहा है कि फरार कैदी की चंद महीनों की सजा ही बची हुई थी। उधर, इस बारे में केंद्रीय आदर्श कारागार नाहन के जेल अधीक्षक जय गोपाल लोजटा ने बताया कि जेल में सजा काट रहा एक बंदी फरार हो गया है। इस मामले में पुलिस थाना नाहन मेंं एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने बताया की पुलिस ने इस मामले में मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया गया है ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App