पीएम संग चंद्रयान-दो की लाइव लैंडिंग देखेगा दाड़लाघाट का सौमिल

By: Aug 30th, 2019 12:30 am

दाड़लाघाट – दाड़लाघाट का सौमिल शर्मा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ चंद्रयान-2 की सफल लैंडिंग का लाइव टेलिकास्ट देखेगा। यह प्रसारण सात सितंबर को बंगलूर स्थित केंद्र में होगा, जिसमें हिमाचल के दो होनहार शामिल होंगे। सौमिल की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सौमिल शर्मा डीएवी अंबुजा विद्या निकेतन दाड़लाघाट में दसवीं का छात्र है। उसने आईएसआरओ द्वारा 10 से 25 अगस्त तक ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रदेश भर में टॉप-टू में अपना स्थान बनाया है। प्रतियोगिता के माध्यम से हर राज्य से टॉप दो बच्चे आईएसआरओ के बंगलूर स्थित केंद्र से प्रधानमंत्री के साथ चंद्रयान की सफल लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखेंगे। स्कूल प्रबंधन समिति के चैयरमेन अनुपम अग्रवाल तथा स्कूल प्रधानाचार्य मुकेश ठाकुर ने सौमिल शर्मा को इस विशिष्ट उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी हैं। बेटे की उपलब्धि पर पिता डा. देवराज शर्मा व माता डा. मीना शर्मा का कहना है कि सौमिल को बचपन से ही अतिरिक्त ज्ञान अर्जित करने की लालसा रहती थी। छठी कक्षा तक तो हम कुछ हद तक इसके प्रश्नों के उत्तर देने की कोशिश करते रहे, लेकिन इसकी ज्ञानार्जन की पिपाशा पूर्ण रूप से शांत नहीं कर सके। सौमिल वैज्ञानिकों की ही पुस्तकें पढ़ता है, विशेषकर अल्बर्ट आइंस्टाइन व एपीजे अब्दुल कलाम इत्यादि की जीवनी से काफी प्रेरित है। सौमिल ने बताया के उसे तीन अगस्त को इस प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का पता चला उसने उसी दिन इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पूरी तैयारी शुरू कर दी। इस तैयारी में उसका साथ उसके माता-पिता, अंबुजा विद्या निकेतन के अध्यापकों  तथा उसके मामा ने विशेष रुप से दिया। सौमिल शर्मा इस उपलब्धि से बहुत खुश है, उसका अगला सपना आईआईटी मुंबई से इंजीनियरिंग करना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App