बुद्धेश्वर महादेव मंदिर

By: Aug 3rd, 2019 12:06 am

भगवान शिव की आराधना कर भक्ति से शक्ति प्राप्त करने का पवित्र माह श्रावण चल रहा है। भगवान शिव की आराधना में शिव भक्त पूरी तरह लीन हो जाते हैं। पृथ्वी पर अनेक चामत्कारिक शिव मंदिर हैं। जहां श्रावण माह में शिव के दर्शन एवं पूजन वंदन करने का एक अलग ही महत्त्व है। आज हम आपको भगवान शिव के एक ऐसे  मंदिर के बारे में बताने जा रहें हैं जहां का इतिहास वर्षों पुराना है। यहां सोमवार को नहीं, बल्कि बुधवार को शिव की पूजा होती है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव खुद भस्मासुर राक्षस से बचने के लिए आए थे। बताया जाता है कि आज भी यहां भगवान शिव का वास है।

सोमवार नहीं, बुधवार को होती है शिव पूजा

देशभर के मंदिरों में भगवान महादेव की विशेष पूजा सोमवार को होती है, लेकिन लखनऊ का बुद्धेश्वर मंदिर एक मात्र ऐसा मंदिर है, यहां पर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक तथा महाआरती बुधवार को होती है। इतना ही नहीं यहां पर श्रावण माह में भी बुधवार को ही भगवान शिव की पूजा होती है और श्रावण माह में आने वाले हर बुधवार को बुद्धेश्वर मंदिर में भव्य मेला लगता है।

भस्मासुर से बचने के लिए यहीं छुपे थे महादेव

लखनऊ के ऐतिहासिक बुद्धेश्वर महादेव मंदिर को लेकर कई मान्यताएं जुड़ी हुई हैं। मंदिर के इतिहास के बारे में बताया जाता हैं कि पहले यहां एक गुफा थी। जब भगवान शिव से वरदान पाकर भस्मासुर नामक राक्षस भगवान शिव का ही वध करना चाह रहा था, तो भगवान शिव भस्मासुर से बचने के लिए इसी गुफा में कई दिनों तक छिपे रहे थे। जिसके बाद से ही यहां भगवान शिव का वास माना जाता है। आज यहां भगवान शिव का विशाल मंदिर बना हुआ है। लखनऊ का बुद्धेश्वर महादेव मंदिर भारत का संभवत: पहला ऐसा शिव मंदिर होगा, जहां भगवान शिव की विशेष पूजा बुधवार को की जाती है। बुधवार को पूजा करने को लेकर भी यहां इतिहास जुड़ा हुआ है। बताया जाता हैं कि त्रेतायुग में जब लक्ष्मण भगवान राम और सीता को चित्रकूट छोडऩे जा रहे थे, तब यहां से गुजरते समय उन्होंने भगवान शिव का मंदिर देखा और पूजा करने का मन बनाया। भगवान राम ने शिवजी की विशेष पूजा की थी। उस दिन वार भी बुधवार था। तब से यहां पर बुधवार को शिव पूजा करने की परंपरा शुरू हुई। लखनऊ के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पर श्रावण माह में पूजा-अर्चना करने अवश्य जाना चाहिए। श्रावण में यहां भगवान शिव हर मुराद पूरी करते हैं। कहा जाता हैं कि यहां भगवान शिव की बुधवार को विशेष पूजा करने से मन को बौद्धिक शांति प्राप्त होती हैं। मंदिर में पांच बुधवार को पूजा करने से भगवान शिव बड़ी से बड़ी मनोकामना पूरी करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App