मजदूरों ने घेरा बीडीओ आफिस

By: Aug 24th, 2019 12:12 am

धर्मपुर में मनरेगा मजदूरों ने रैली निकाल सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन,लगाए नारे

धर्मपुर -हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड को कमजोर करने के विरोध में आज सीटू मजदूर संगठन से संबंधित मनरेगा मजदूर यूनियन के बैनर तले धर्मपुर उपमंडल मुख्यालय पर सैकड़ों मजदूरों ने रैली निकाल कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और बीडीओ कार्यालय का घेराव किया। बीडीओ सतीश कुमार शर्मा ने 15 दिनों में मांगें पूरी करने का आश्वासन दिया, उसके बाद मजदूर वहां से गए। प्रदर्शन व रैली का नेतृत्व मनरेगा मजदूर यूनियन धर्मपुर खंड के अध्यक्ष कश्मीर सिंह ठाकुर, सचिव सूबेदार मोहन लाल, रणताज राणा, मिलाप चंदेल, प्रकाश वर्मा, हुक्कम शर्मा, सीटू के जिलाध्यक्ष व जिला पार्षद भूपेंद्र सिंह ने किया। मजदूरों ने बस स्टैंड से एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला और एसडीएम कार्यालय में न होने के कारण बीडीओ के माध्यम से सैकड़ों हस्ताक्षरों वाले मांगपत्र मुख्यमंत्री, श्रम मंत्री, ग्रामीण विकास मंत्री व बोर्ड के सचिव को भेजे। सीटू के जिला प्रधान व जिला परिषद सदस्य भूपेंद्र सिंह ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि ये बहुत हैरानी व चिंता की बात है कि अभी तक मजदूरों को इस साल बहुत कम काम मनरेगा में मिला है और प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बनी भाजपा की सरकार अपने 18 महीनों के कार्यकाल में मजदूरों के कल्याण के लिए बने बोर्ड का अध्यक्ष तक नहीं लगा पाई है। जिस कारण मजदूरों को मिलने वाली वाशिंग मशीनें, इंडक्शन हीटर, सोलर लैंप व साइकिलें वर्ष 2017 के बाद स्वीकृत नहीं हो रही हैं। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर जल्दी उनके लाभ उन्हें नहीं दिए गए तो वे शिमला में राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड कार्यालय का घेराव करेंगे। प्रदर्शन में मनरेगा मजदूर यूनियन खंड कमेटी सदस्य रामलाल, नरेश कुमार, पुष्पा, प्रेमलता, सुनीता, कांता, शांता, कुसमा देवी, कमला देवी, अंजु शर्मा, रीता देवी, फुलां देवी, सोमा देवी, कुसुमलता, तारा देवी, बंदना, राजकुमारी, रूमा, रीना, शीला, रजनी, सीमा, बबीता, बिमला, चंपा, अनिता, सरोज  सहित सैकड़ों महिला मजदूरों ने भाग लिया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App