मणिमहेश यात्रा…पुलिस-होमगार्ड संभालेंगे जिम्मा

By: Aug 22nd, 2019 12:12 am

सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने को तैनात होंगे 750 जवान, 13 सेक्टरों में चप्पे-चप्पे पर होगा पुलिस का कड़ा पहरा

चंबा –विश्व विख्यात मणिमहेश यात्रा के दौरान कानून व सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद रहने का जिम्मा पुलिस व होमगार्ड के साढ़े सात सौ जवान संभालेंगे। मणिमहेश यात्रा को पुलिस विभाग ने तेरह सेक्टरों में बांटकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा बिठा दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमन शर्मा को मेला अधिकारी का जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ राजपत्रित अधिकारी भी तैनात किए गए हैं। पुलिस की ओर से आपातकालीन कक्ष स्थापित कर श्रद्धालुओं की सहूलियत के फोन नंबर भी जारी किए गए है। श्रद्धालु किसी भी तरह की आपात स्थिति में पुलिस नियंत्रण कक्ष के लैंडलाइन नंबर 01899-225899 और आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क कर मदद हासिल कर सकते हैं। एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू ने खबर की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार इस वर्ष मणिमहेश यात्रा का आधिकारिक तौर पर संचालन 24 अगस्त से छह सितंबर तक किया जा रहा है। मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और कानून व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। पुलिस विभाग ने मणिमहेश यात्रा को तेरह सेक्टरों में बांटा है। मणिमहेश यात्रा के लिए पांच सौ के करीब पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई हैं। इसमें महिला आरक्षी भी शामिल हैं इसके अलावा मणिमहेश यात्रा के लिए 250 के करीब होमगार्ड जवानों की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। मणिमहेश यात्रा में कानून व सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात पुलिस व होमगार्ड के जवानों ने अपनी ड्यूटी भी संभाल ली है। इसके साथ ही पुलिस विभाग ने मणिमहेश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से भी भू-स्खलन की दृष्टि से संवेदनशील हिस्सों पर आवाजाही के दौरान विशेष एहतियात बरतने को कहा है। दोपहिया वाहन चालकों से सफर के दौरान हेल्मेट पहनने का आह्वान भी किया गया है, जिससे जान व माल के नुकसान की संभावना को पूरी तरह शून्य किया जा सके।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App