मनाली-केलांग सड़क आठ घंटे ठप

By: Aug 8th, 2019 12:14 am

मढ़ी के पास गिरी चट्टानें, बीआरओ ने पत्थर हटा बहाल किया मार्ग

केलांग -मनाली-लेह मार्ग में मढ़ी के पास चट्टानें गिरने से करीब आठ घंटे तक यह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए ठप रहा। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब तीन बजे मढ़ी के पास पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें गिरीं, जिस कारण मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया। चट्टाने गिरने से मनाली से लाहुल और लाहुल से मनाली आने वाले वाहन दोनों तरफ फंस गए थे। लिहाजा, चट्टानें गिरने की सूचना लोगों ने पुलिस और प्रशासन को दी। उसके बाद बीआरओ के जवानों ने मौके पर पहुंचकर मशीनरी के माध्यम से सड़क से चट्टाने हटाकर मार्ग यातायात के लिए बहाल कर दिया। उसके बाद वाहनों की आवाजाही सुचारू हो गई है, लेकिन यहां भू-स्खलन और चट्टाने गिरने का खतरा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार मंगलवार से लेकर बुधवार तक यहां तीसरी बार स्लाइडिंग हुई है। एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस थाना मनाली को जैसे ही मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिली, पुलिस की टीम बीआरओ के साथ मौके के लिए रवाना हो गई थी। यह भू-स्खलन मढ़ी से चार किलोमीटर आगे बंता मोड़ के पास हुआ था। दोपहर बाद मार्ग छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो गया था।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App