मलबे में दबीं मनरेगा मजदूर, जख्मी

By: Aug 9th, 2019 12:15 am

खणी में रास्ते के निर्माण के दौरान अचानक जमीन धंसने से चपेट में आई दो महिलाएं

बालीचौकी -बालीचौकी विकास खंड की ग्राम पंचायत खणी में मनरेगा कार्य के दौरान भू-स्खलन होने से दो महिलाएं घायल हो गईं। स्थानीय पंचायत के निवासी देव कुमार ने बताया कि उक्त महिलाएं जब धारठा-मलोरधार रास्ते के निर्माण कार्य में लगी थीं तो अचानक साथ लगती जमीन धंस गई और दोनों महिलाएं मलबे की चपेट में आ गईं। एक महिला मलबे में बुरी तरह से सिर तक फंस गई थी, जिसे मनरेगा कार्य मंे कार्यरत मजदूरों ने काफी मशक्त से निकाला। घायल अवस्था में अन्य मजदूरों ने मीना देवी पत्नी  नेत्र सिंह और सैमी देवी पत्नी लुहारू राम निवासी मलोरधार को मलबे से निकाल और 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी बालीचौकी  पहुंचाया। बालीचौकी में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों महिलाओं को क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के लिए रैफर कर दिया गया है।  जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं कमर से नीचे भारी दर्द होने की शिकायत कर रही हैं। मनरेगा कार्य के दौरान प्रभावित महिलाओं के इलाज को लेकर ग्रामीण किसान कामगार संगठन के अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य संतराम ने संबंधित विभाग से तुरंत राहत राशि की मांग की है। उन्होंने कार्यस्थल पर फर्स्ट एड बॉक्स तुरंत  दिए जाने की भी मांग की। दूसरी ओर विकास खंड अधिकारी बालीचौकी चेत राम ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी मिल चुकी है। फौरी राहत प्रशासन की ओर से दी जा सकती है। मनरेगा एक्ट के प्रभावित मजदूरों के लिए क्या सहायता दी जा सकती है, इसके लिए सचिव को रिपोर्ट तैयार करने को कहा गया है।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App