मौसम के सताए हिमाचल को केंद्र देगा 64 करोड़

By: Aug 21st, 2019 12:02 am

नई दिल्ली – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक उच्च स्तरीय बैठक में सूखे,भू-स्खलन, ओलावृष्टि और चक्रवाती तूफान से प्रभावित हिमाचल प्रदेश सहित तीन राज्यों को 4432 करोड़ रुपए की सहायता मंजूर की है। समिति ने यह राशि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की निधि से जारी की है। इसमें से हिमस्खलन से प्रभावित हिमाचल प्रदेश के लिए 64.49 करोड़ रुपए, 3338.22 करोड़ रुपए चक्रवाती तूफान फोनी से प्रभावित ओडिशा और सूखे से प्रभावित कर्नाटक के लिए 1029.39 करोड़ रुपए जारी किए जाएंगे। बैठक में श्री शाह के अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने हिस्सा लिया। इसके अलावा गृह, वित्त, तथा कृषि मंत्रालय के साथ-साथ नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे। यह राशि राज्य आपदा मोचन निधि से पहले ही जारी की जा चुकी राशि के अतिरिक्त है। प्राकृतिक आपदा के बाद राज्यों के अनुरोध पर भेजी जाने वाली अंतर मंत्रालयी टीमों से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अब भीषण प्राकृतिक आपदा के बाद केंद्रीय टीम का तुरंत गठन किया जाएगा, जो प्रभावित राज्यों की स्थिति का आकलन करेगी और अपनी रिपोर्ट देगी। इस निर्णय के मद्देनजर बाढ़ प्रभावित राज्यों हिमाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, उत्तराखंड, गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल और त्रिपुरा के लिए केंद्रीय टीमों का गठन किया जाएगा। बैठक में बाढ़ प्रभावित इन राज्यों की स्थिति की समीक्षा की गई और विभिन्न एजेंसियों को लोगों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App