संपत्ति सार्वजनिक करें विधायक

By: Aug 24th, 2019 12:01 am

प्राइवेट मेंबर-डे पर पारदर्शिता संकल्प लाएगी प्रदेश कांग्रेस

शिमला – कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व विधायक सुखविंदर सूक्खू ने कहा कि विधायकों को अपने नैतिक जीवन में जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए। विधायक जब पांच साल बाद चुनाव लड़ते हैं, उस समय शपथपत्र देकर अपनी चल, अचल संपत्ति व सभी देनदारियां सार्वजनिक करते हैं। विधायकों की संपत्ति बढ़ने पर जनता उन्हें शक की नजर से देखती है, इसलिए विधायकों को हर साल अपनी संपत्ति व देनदारियां सार्वजनिक करनी चाहिए। यह पूरी जानकारी विधानसभा के वैब पोर्टल पर आनी चाहिए। शुक्रवार को यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए सुक्खू ने कहा कि विधायकों को अपनी आय के स्रोत भी बताने चाहिए, जिससे पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने बताया कि 29 अगस्त को प्राइवेट मेंबर-डे के दिन वह इस संबंध में एक संकल्प सदन में पेश करना चाहते हैं, लेकिन इसकी इजाजत नहीं मिल रही। सरकार उनके संकल्प पर नियम-101 के तहत चर्चा कराए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उनके संकल्प पर चर्चा नहीं कराना चाह रही है। सुक्खू ने बताया कि स्पीकर ने गुरुवार को बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक बुलाकर उनके संकल्प पर चर्चा न कराने की जानकारी दी है। सूक्खू ने बताया कि कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री व सदस्य के नाते वह खुद बैठक में मौजूद थे। विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने सरकार के निर्णय की बैठक में जैसे ही जानकारी दी, मुकेश व उन्होंने उस पर आपत्ति जताई और संकल्प लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कई विधायक इसके पक्ष में हैं लेकिन कई साथ नहीं हैं।  सरकार उनके संकल्प पर गंभीरता से विचार करे ताकि विधायकों की कारगुजारियों में पारदशिता आ सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App