सावन माह…बैजनाथ में बम-बम भोले

By: Aug 6th, 2019 12:15 am

ऐतिहासिक शिव मंदिर में तीसरे सोमवार को खूब उमड़ी भक्तों की भीड़

बैजनाथ -ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में  सावन माह के तीसरे  सोमवार को भोलेनाथ के दर्शन करने वालों का आंकड़ा 60 हजार को भी पार कर गया। आलम यह रहा कि सुबह साढ़े तीन बजे से शिव भक्तों का आगमन शुरू हो गया। पूरा शिवालय बम-बम भोले के नारों से गूंजने लगा। तीसरे सावन माह के  सोमवार मेले पर दोपहर दो बजे तक  30  हजार शिव भक्त  भोलेनाथ के दर्शन कर चुके थे। यह सिलसिला सायं आरती के बाद तक जारी रहा। शिव भक्तों की इतनी भीड़ थी कि भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए चार-चार घंटों तक का समय  लग गया। तीसरे  सावन माह के सोमवार मेले पर शिव भक्तों ने घंटों लाइनों में लगकर अपने आराध्य देव के दर्शन कर पुण्य फल की प्राप्ति की। प्रशासन व मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों की सूझ-बूझ से भक्तों को लाइनों को व्यवस्था मंदिर के उद्यान में कई गई है। भीड़ का यह आलम था कि सुबह   से ही   मंदिर के मुख्य गेट से उद्यान में चारों तरफ लोगों की लाइनें  लगनी शुरू हो गईं, जो सड़क तक जा पहुंची। यह क्रम सारा दिन जारी रहा। दोपहर बाद दो बजे तक करीब 30 हजार शिव भक्त चार चार घंटे इंतजार  के बाद भोलेनाथ जी के दर्शन कर चुके थे। चार बजे के बाद शिव भक्तों के आगमन ने कुछ कमी आई, मगर मंदिर के अंदर लंबी लाइनों का क्रम जारी रहा, जो सायं की आरती तक जारी रहा। यही नहीं, खीर गंगा घाट में भी सुबह चार बजे से भक्तों की काफी भीड़ थी। सैकड़ों शिव भक्तों जिनमें महिलाओं की संख्या ज्यादा रही खीर गंगा घाट में स्नान कर भोलेनाथ के दर्शन किए। खीर गंगा घाट के पास राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर सैकड़ों वाहनों की लंबी लाइनें लगी रही। शिव भक्तों ने खीर गंगा घाट  पर स्नान कर भोलेनाथ के दर्शन किए। मंदिर परिसर में सुबह से ही शिव भक्तों द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया था, जिसमें लोगों ने प्रशाद ग्रहण किया। इस मौके पर मंदिर की सहायक आयुक्त एसडीएम बैजनाथ छवि नांटा, मंदिर ट्रस्टी अनिल शर्मा, अमन सूद व संदीप सहित सभी ट्रस्टी मौजूद रहे। इस मौके पर यातायात व्यवस्था  को सुचारू रखने के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। लोगों में मेला मैदान में लगाई गई दुकानों में भी खूब खरीददारी की। तीसरे सोमवार को बाहरी राज्यों से आए सैकड़ों भक्तों ने भी घंटो लाइनों में लगकर अपने आराध्य देव के दर्शन किए। यही नहीं सावन माह पर बैजनाथ के मेला ग्राउंड में लगे मेले में प्रतिदिन सैकड़ों लोग खरीददारी करने पहुंच रहे हैं। मंदिर के मुख्य पुजारी सुरिंदर आचार्य ने बताया कि सावन माह में भोलेनाथ के दर्शन करने का विशेष महत्त्व है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App