स्कूलों में लगेंगे सोलर पावर प्लांट

By: Aug 23rd, 2019 12:01 am

शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश भर के उपनिदेशकों से मांगा ब्यौरा

कांगड़ा – हिमाचल की सरकारी पाठशालाआें में अब सोलर पावर प्लांट स्थापित किए जाएंगे। सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए ऐसे स्कूलों को चिन्हित किया जाएगा, जो हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के परीक्षा केंद्र भी हों। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए शिक्षा विभाग को चिन्हित स्कूलों की जानकारी शिक्षा बोर्ड प्रशासन को सौंपनी होगी। इन स्कूलों का रिकार्ड जल्द से जल्द उपलब्ध करवाने के लिए शिक्षा निदेशालय ने भी प्रदेश भर के शिक्षा उपनिदेशकों को निर्देश जारी कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार प्रदेश के सरकारी स्कूलों में सोलर पावर प्लांट स्थापित करने की योजना तैयार की गई है। इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए शिक्षा विभाग को स्कूलों से सोलर पावर प्लांट स्थापित करने के लिए स्थान उपलब्धता के संबंध में जानकारी भेजनी होगी। प्लांट्स के लिए स्कूलों का चयन विस क्षेत्र के आधार पर किया जाएगा। स्कूलों को चिन्हित करने के लिए इस बात का ध्यान रखना होगा कि जिन स्कूलों को सोलर पावर प्लांट के लिए चिन्हित किया जाए, वे शिक्षा बोर्ड के सेंटर होने आवश्यक हैं। उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक जिला कांगड़ा गुरदेव सिंह ने बताया कि स्कूलों से सोलर पावर प्लांट्स स्थापित करने के लिए भूमि की उपलब्धता के संबंध में जानकारी मांगी गई है। इस जानकारी को एकत्रित करके आगामी कार्रवाई के लिए शिक्षा निदेशालय प्रेषित कर दिया जाएगा।

वर्षा जल संग्रहण टैंक निर्माण की मांगी रिपोर्ट

शिक्षा विभाग ने वर्षा जल संग्रहण टैंक निर्माण के बारे भी स्कूलों से जानकारी मांगी हैं। अभी तक जिन स्कूलों में वर्षा जल संग्रहण टैंक की सुविधा उपलब्ध नहीं है, उन्हें स्कूलों में इसके निर्माण के लिए उपलब्ध भूमि व स्थान की जानकारी शिक्षा विभाग को जल्द देनी होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App