हिमाचल के लिए आफत बनने लगी बरसात

By: Aug 9th, 2019 12:30 am

गाड़ी पर गिरे पत्थर

शिमला – शिमला के शनान में बारिश के  कारण भू-स्खलन हुआ है। इस भू-स्खलन में बडे़-बडे़ पत्थर सड़क पर आ गए। पत्थरों की चपेट में एक वाहन आ गया, जिससे वाहन को भारी नुकसान हुआ है। इससे एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।

चट्टान तले दबी बोलेरो बाल-बाल बचे पांच लोग

पंडोह – एनएच मंडी-मनाली में बनाला के पास एक बड़ी चट्टान बोलेरो कैंपर पर गिर गई। गुरुवार रात साढ़े नौ बजे यह हादसा हुआ। हालांकि गनीमत रही कि जीप में बैठे पांच लोगों की जान बच गई। हादसे जीप चालक को चोटें आई हैं। हादसे के बाद एनएच पर कुछ देर के लिए यातायात भी बंद हो गया। बनाला में एनकेसी कंपनी फोरलेन के काम में लगी हुई है। हादसे का शिकार हुई बोलेरो कैंपर बड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। बोलेरो सैंज से सेब लेकर सब्जी मंडी जा रही थी।

14 तक बरसेगा अंबर

शिमला – प्रदेश में 14 अगस्त तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होगी। गुरुवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम साफ रहा, जिससे जनता ने कुछ हद तक की राहत ली है, लेकिन आगामी दिनों के दौरान बारिश जनता पर भारी पड़ सकती है। गुरुवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम साफ रहा। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की धूप भी खिली, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ जगह दोपहर बाद बारिश भी हुई है। राज्य में मौसम साफ रहने से अधिकतम तापमान में फिर से उछाल आया है। अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक का उछाल आंका गया है। भुंतर के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक चार डिग्री का उछाल आया है। इसके अलावा डलहौजी, ऊना व कल्पा के तापमान में दो डिग्री का उछाल आया है। चंबा, सोलन व नाहन को छोड़कर शेष हिमाचल के पारे में उछाल आया है। राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर बारिश हुई है, लेकिन इसके बावजूद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

दमकल कर्मियों ने बचाया बाढ़ में फंसा ग्रामीण

आनी – आनी स्थित दमकल विभाग की चौकी के कर्मचारियों ने बाढ़ में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर साहस का परिचय दिया है। जानकारी के अनुसार रमेश ठाकुर गर्मी से राहत पाने को आनी बस अड्डे के पीछे से गुजरती जलोड़ी खड्ड में उतरा और पत्थर पर बैठ गया। इसी बीच नदी में अचानक बाढ़ आ गई और वह बीचोबीच फंस गया। सूचना मिलते ही दमकल कर्मचारी सीढ़ी लेकर मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने दमकल चौकी के प्रभारी एसपी बिष्ट की अगवाई में बचाव कार्य शुरू किया और अपने साहस का परिचय देते हुए बाढ़ में उतरकर सीढ़ी लगाई और बाढ़ में फंसे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला

अब तक 21 की जान ले गई बेरहम बारिश

शिमला – प्रदेश में भले ही मानसून में अभी तक सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है, लेकिन बारिश से पहाड़ी प्रदेश में मानसून के पहले पखवाडे़ में ही करोड़ों की चपत लग चुकी है। राज्य में बारिश से 323 करोड़ का नुकसान हो चुका है, जबकि अब तक 21 लोगों की जान ले ली है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में आगामी दिनों के दौरान भी मौसम तेवर दिखाएगा। ऐसे में अगामी दिनों के दौरान और नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। राज्य में बारिश से अब तक 323 करोड़ 65 लाख का नुकसान हो चुका है। पीडब्ल्यूडी को सबसे ज्यादा 203 करोड़ 30 लाख 23 हजार का नुकसान हुआ है। राज्य आपदा प्राधिकरण के तहत राज्य में अभी भी 69 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध पड़ी हुई हैं। शिमला जोन में 20 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। इसके अलावा हमीरपुर में 21, मंडी में 16 और कांगड़ा ज़ोन में 12 सड़कें भू-स्खलन के चलते बंद पड़ी हुई हैं। ऐसे में नुकसान का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। पीडब्ल्यूडी का दावा है कि बंद पड़ी सड़कों में से 47 मार्ग गुरुवार देर शाम तक यातायात के लिए बहाल हो जाएंगे, जबकि शेष मार्ग शुक्रवार तक ही बहाल होने की उम्मीदें जताई जा रही हैं।

ऊना में एक और मौत

प्रदेश में बारिश से अब तक 21 मौतें हो चुकी हैं। राज्य आपदा प्राधिकरण के तहत गुरुवार को भी ऊना के कैलाश नगर में प्राकृतिक आपदा से एक व्यक्ति की मौत हुई है।

आईपीएच को ही करोड़ों की चपत

प्रदेश में भारी बारिश से आईपीएच विभाग को भी करोड़ों की चपत लग चुकी है। विभाग की अभी भी 2902 स्कीमें बारिश से प्रभावित चल रही हैं। सुंदरनगर में सबसे ज्यादा 474 स्कीमें प्रभावित चल रही हैं। इसके अलावा ऊना में 348 और शिमला में बारिश से 341 पेयजल स्कीमें प्रभावित चल रही हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App