हिमाचल में घटे सड़क हादसे

By: Aug 29th, 2019 12:01 am

प्रदेश में दिखने लगा सुरक्षा अभियान का असर, जुलाई तक के रिकार्ड में 1680 एक्सीडेंट

शिमला – हिमाचल में सड़क सुरक्षा अभियान का असर दिखना शुरू हो गया है। गत वर्षों के आंकड़ों का आकलन करें, तो इस वर्ष जुलाई तक सड़क हादसों में कमी दर्ज की गई है। दो साल के आंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए, तो वर्ष 2017 में जहां प्रदेश में 1743 सड़क हादसे हुए थे, वहीं 2018 में 1812 सड़क दुर्घटनाएं पेश आई थी। इस वर्ष जुलाई तक 1680 सड़क दुर्घटनाएं रिकॉर्ड हुई है। रोड सेफ्टी सेल व परिवहन विभाग ने तीन साल में जुलाई तक प्रदेश भर में हुई मौतों, घायलों और दुर्घटनाओं का आकलन किया है। इसमें सामने आया है कि इस वर्ष दो साल की तुलना में जुलाई तक कम सड़क हादसे हुए हैं। सड़क सुरक्षा अभियान का अधिक नहीं तो कुछ एक प्रतिशत असर प्रदेश की जनता पर पड़ता दिखने लगा है।  तीन साल के जुलाई तक किए गए आकलन में वर्ष 2017 व 18 के मुकाबले 2019 में 35 लोगों की कम मौत हुई है। विभाग के आकलन पर एक नजर डालें, तो 2017 में जहां सड़क दुर्घटनाओं में 709 लोगों ने अपनी जान गंवाई थी। वहीं, 2018 में यह आंकड़ा 705 के करीब रहा था। बात करें वर्ष 2019 की, तो अब तक प्रदेश में 670 मौतों का आंकड़ा है। वहीं 2019 में  सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आई है। 2017 में प्रदेश में 1743 सड़क दुर्घटनाएं हुई थी,  जबकि 2018 में यह आंकड़ा बढ़ गया था और 1812 तक पहुंच गया था। 2019 मेें इस आंकडे़ में कमी आई और कुल 1680 सड़क दुर्घटनाएं हुई। परिवहन विभाग के निदेशक जेएम पठानिया ने बताया कि इस वर्ष जुलाई तक बीते वर्ष के मुकाबले कम सड़क हादसे हुए हैं। राज्य में जनता को सड़क हादसों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न तरह के कार्यक्रम चलाए गए हैं, ताकि भविष्य में सड़क हादसों पर और अधिक अंकुश लगाया जा सके।

जुलाई तक के आंकड़े

वर्ष         दुर्घटना    घायल     मौत

2017      1743      3929      709

2018      1812      3877      705

2019      1680      3729      670


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App