बाढ़ के सताए पंजाब को भूली केंद्र सरकार
चंडीगढ़ -कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने रविवार को देश भर में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करते समय पंजाब की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजप) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की आलोचना की। श्री तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने ग्यारह राज्यों में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के लिए मंत्रियों का समूह बनाया, जिनमें पंजाब शामिल नहीं था। कांग्रेस नेता ने कहा कि पंजाब को बाढ़ में काफी नुकसान हुआ है और कई इलाकों से पानी अभी तक उतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि यह चौंकाने वाला भी है और दुर्भाग्यपूर्ण भी कि राजग सरकार, जिसका कि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) हिस्सा है, ने हमेशा पंजाब के हितों की अनदेखी की है और इस बार भी वही किया है। श्री तिवारी ने जानना चाहा कि अकाली इस मुद्दे पर चुप क्यों हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि चूंकि पंजाब में कांग्रेस सरकार है, इसलिए केंद्र सरकार प्रदेश के प्रति भेदभाव बरत रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App