अब पुरानी गुफा के स्वर्णिम दर्शन

By: Sep 24th, 2019 12:03 am

माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए खुशखबरी, दस करोड़ से बनाया सोने का प्रवेश द्वार

कटरा – शारदीय नवरात्र में मां वैष्णो देवी के पावन दर्शनों की अभिलाषा रखने वाले भक्तों के लिए खुशखबरी है। मैय्या रानी के भवन में आने वाले श्रद्धालुओं को अब माता की पुरानी गुफा के स्वर्णिम दर्शन होंगे। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा मां वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा के प्रवेश द्वार को स्वर्ण युक्त बनाया गया। 29 सितंबर को पहले नवरात्र से श्रद्धालु इस द्वार के दर्शन कर सकेंगे। इस स्वर्ण द्वार को बनाने में दस करोड़ की राशि खर्च आई है, जो माता के मंदिर के चढ़ाबे से खर्च की गई। इस स्वर्णिम प्रवेश द्वार में विभिन्न देवी-देवताओं के चित्र अंकित है। मां वैष्णो देवी के इस स्वर्णिम प्रवेश द्वार पर गुबंद के साथ ही तीन सोने के झंडे तथा विशाल स्वर्णयुक्त छत्तर है, तो वहीं मां वैष्णो देवी के नौ रूपी स्वर्ण युक्त चित्र अंकित किए गए हैं, जिनमें मां दुर्गा के नौ रूपों (शैलपुत्री, चंद्रघंटा, कूषमांडा, स्कंदमाता, कात्यायानी, महागौरी, सिद्धिदात्री, कालरात्रि, ब्रह्मचारिणी) को दर्शाया गया है। वहीं प्रवेश द्वार के दाएं तरफ महालक्ष्मी का करीब छह फुट लंबा स्वर्णयुक्त चित्र अंकित है।

बनाने में लगे 65 दिन

65 दिन में बन कर तैयार किया गया यह स्वर्ण द्वार 16 फुट चौड़ा और 25 फुट ऊंचा है। स्वर्ण द्वार के निर्माण में हजार किलो चांदी, हजार किलो तांबा और दस किलो सोने का इस्तेमाल किया गया। मुख्य द्वार पर 25 किलो की सोने चांदी कि घंटी लगाई गई है। स्वर्ण द्वार पर सबसे ऊपर स्वर्ण जडि़त छत्र ,तीन स्वर्ण गुंबद और सबसे नीचे दो शेर बने हैं, स्वर्ण द्वार पर दोनों तरफ देवी देवताओं के चित्र और माता की आरती अंकित हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App