अभी और उछलेंगे सेब के दाम

By: Sep 1st, 2019 12:01 am

बाहरी राज्यों के लिए सेब की एक करोड़ छह लाख पेटियां रवाना

शिमला – हिमाचल प्रदेश से मौजूदा सेब सीजन में अब तक सेब की एक करोड़ छह लाख अस्सी हजार पांच सौ सत्ताइस पेटियां बाहरी राज्यों में भेजी जा चुकी हैं। बागबानी विभाग का दावा है कि इस वर्ष अब तक करीब 213610.54 मीट्रिक टन सेब 23730 ट्रकों से बाहरी राज्यों को भेजा जा चुका है। बागबानी विभाग के प्रवक्ता के मुताबिक इस वर्ष प्रदेश में कुल 268 खरीद केंद्र खोले गए हैं और मंडी मध्यस्थता योजना के अंतर्गत इस वर्ष अब तक 13390 मीट्रिक टन सेब की खरीद की गई है। राज्य में मौजूदा समय में मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब सीजन चरम पर चला हुआ है। फल मंडियों में रोजाना सेब की दो से तीन लाख सेब बॉक्स पहुंच रहे हैं। राज्य में बारिश कम होेते ही बागबानों ने सेब तूड़ान कार्य को गति दे दी है। राज्य में अभी तक किन्नौर व लाहुल-स्पीति में सेब तूड़ान कार्य आरंभ नहीं हुआ है। राज्य के इन क्षेत्रों से जल्द ही सेब मार्केट में उतरने की संभावना जताई जा रही है। राज्य के इन क्षेत्रों में गुणवत्तायुक्त सेब का उत्पादन होता है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों से मार्केट में उतरते ही सेब के दामों में और उछाल आने की संभावना जताई जा रही है। प्र्रदेश में मौजूदा समय के दौरान सेब की बंपर उत्पादन की संभावना जताई जा रही है। विभाग के आकलन के तहत राज्य में इस वर्ष चार करोड़ के करीब सेब बॉक्स का उत्पादन होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App