कर्मियों की सैलरी देने को पैसा नहीं पार्षदों को सैर करवा रहा चंडीगढ़ निगम

By: Sep 22nd, 2019 12:02 am

चंडीगढ़ – चंडीगढ़ नगर निगम के पार्षद आज तक अध्ययन दौरों पर देश-विदेश में घूमते रहे व हर दौरे के साथ नया विवाद जुड़ता रहा। इस बार पार्षदों ने अध्ययन करना छोड़ कर धार्मिक यात्रा करने का निर्णय लिया है। इस बार वित्तीय संकट से जूझ रहे नगर निगम के करीब आठ लाख रुपए खर्च कर 24 पार्षद हाल ही में यूटी घोषित हुए लेह-लद्दाख के दौरे पर जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार इस माह निगम सदन की बैठक भी जल्दी इसीलिए की गई , क्योंकि यह लोग दौरे की तैयारियों में लगे थे। उल्लेखनीय है  कि शुक्रवार को हुई निगम सदन की बैठक में निगमायुक्त ने यह कह दिया था कि निगम के पास तो वेतन देने के भी पैसे नहीं हैं,  पर पार्षदों की धार्मिक इच्छा पूरी  करने के लिए लाखों रुपए खर्च करने के लिए निगम कोई गुरेज नहीं कर रहा। निगम की वित्तीय स्थिति का हवाला देकर पूर्व महापौर देवेश मोदगिल, आशा जसवाल, कांगेस पार्षद सतीश कैंथ, भाजपा पार्षद रवि शर्मा, विनोद अग्रवाल, महेश इंद्र सिद्धू, मनोनीत पार्षद चरणजीव सिंह, एमएस कांडल, सतप्रकाश अग्रवाल, डा. ज्योत्सना विग, पूर्व महापौर कमला शर्मा ने इस टूर पर जाने से इनकार कर दिया है। इनमें से कुछ ने न जाने के पीछे निजी कारण बताएं हैं। यह पार्षद 24 सितंबर को महापौर राजेश कालिया के नेतृत्व में शहर से उड़ान भरेंगे व 28 की देर शाम लेह से चंडीगढ़ के लिए फ्लाइट पर ही वापस आएंगे। सूत्रों के अनुसार इस टूर में  कुल राशि में से आठ लाख रुपए का खर्चा  तो केवल हवाई टिकटों पर खर्च होगा। बाकी के इन पार्षदों के रहने व खाने पर खर्च होगा। इनके साथ निगम के कुछ अधिकारी भी जा रहे हैं। नगर निगम ने गुरुनानक देव जी के 550 वें प्रकाशोत्सव को सामने रख कर इस दौरे की योजना बनाई। यह लोग लेह में पत्थर साहिब गुरुद्वारे में माथा टेकने के लिए जा रहे हैं। माथा टेकने के बाद पार्षद और अधिकारी लद्दाख में इधर-उधर सैर सपाटे पर भी जाएंगे। ज्ञात रहे कि निगम ने पिछले दिनों गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव को पूरा साल मनाने का फैसला लिया था व इस संबंध में उपमहापौर हरदीप सिंह के नेतृत्व में गठित कमेटी की बैठक में दो करोड़ का प्रावधान किया गया था।  इसमें से आठ लाख खर्च करने की ठोस योजना पर तो काम कर लिया गया है। महापौर के नेतृत्व में वरिष्ट उपमहापौर हरदीप सिंह, उपमहापौर कंवरजीत राणा, रवि कांत शर्मा, शीला देवी, पूर्व महापौर अरुण सूद, पूर्व महापौर राज बाला मलिक, गुरबख्श रावत, चंद्रवती शुक्ला, हीरा नेगी, विनोद अग्रवाल, रविंदर कौर गुजराल, शिप्रा बंसल, राजेश कुमार गुप्ता, कांग्रेस पार्षद दल के नेता देवेंद्र सिंह बबला, दलीप शर्मा, शक्ति देव शाली, भरत कुमार, अनिल कुमार दूबे, जगतार सिंह जग्गा, अजय दत्ता, सचिन कुमार लोहटिया, हाजी मोहम्मद खुर्शीद अली, सुनीता धवन अतिरिक्त कमिश्नर अनिल गर्ग और कार्यकारी अभियंता अजय गर्ग लेह में पत्थर साहिब गुरुद्वारें माथा टेक कर लौटेंगे। इनकी इस यात्रा से निगम को क्या लाभ होगा, यह सवाल खड़ा हो गया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App