कल से कुछ इलाकों में बारिश

By: Sep 5th, 2019 12:01 am

धीमा पड़ने लगा मॉनसून, सात से दस सितंबर तक खिली रहेगी धूप

शिमला – हिमाचल प्रदेश में मैदानी इलाकों सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सात सितंबर से मौसम साफ बना रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दस सितंबर तक कई जगह धूप खिलने की संभावना जताई है। शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, चंबा और डलहौजी में दस तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान छह तक कुछ जगह बारिश होगी, जबकि सात से दस सितंबर के दौरान मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी मॉनसून कमजोर पड़ने के साथ एक-दो स्थानों पर ही बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। बीते 24 घटों के दौरान भी मॉनसून कमजोर रिकॉर्ड किया गया। हालांकि राज्य के कुछ स्थानों पर बारिश आंकी गई है, लेकिन शेष हिमाचल में मौसम साफ बना रहा। बुधवार को राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा, लेकिन दोपहर बाद आसमान में काले बादलों सहित धुंध घिरने से अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। नाहन के अधिकतम पारे में सबसे ज्यादा तीन डिग्री की गिरावट आंकी गई है। इसके अलावा केलांग के पारे में दो और शेष हिमाचल के पारे में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। मंगलवार शाम के समय जवाली में सबसे अधिक 54 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं, नाहन में 38, बंगाणा में 29, गगल में 24 मिलीमीटर बारिश हुई है। बारिश से न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।

कहां, कितना पारा

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    24.7       17.4

सुंदरनगर  31.9       23.4

भुंतर       32.6       21.5

धर्मशाला   27.2       22.4

ऊना       35.8       24.5

सोलन     31.2       20.7

नाहन      26.6       18.5

कांगड़ा    32.2       22.1

बिलासपुर 32.5       20.0

हमीरपुर    32.1       20.8

चंबा       31.1       22.0

डलहौजी  21.2       16.8


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App