‘गणपति बप्पा मोरेया’ से गूंजी छोटी काशी

By: Sep 13th, 2019 12:22 am

हजारों भक्तों ने दी गणपति को विदाई, बड़ी मूर्तियों के साथ छोटी मूर्तियों का भी किया गया विसर्जन

मंडी-छोटी काशी मंडी में गुरुवार को गणपति बप्पा मोरेया, अगले बरस तू जल्दी आने के जयकारों को गणेश उत्सव संपन्न हुआ। ब्यास में 25 से ज्यादा गणपति भगवान की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन से पहले अलग-अलग जगह स्थापित गणपतियों की शहर में परिक्रमा हुई। इसके बाद हनुमानघाट में विधिपूर्वक मूर्तियों का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान हजारों की सख्यों में गणपति भक्तों ने गणपति बप्पा मोरेया के जयकारे लगाए। मंडी शहर में करीब इस साल करीब 11 से अधिक जगहों पर गणपति भगवान की मूर्ति की स्थापना की गई थी। इसमें सिद्ध गणपति, नीलकंठ मंदिर, कामेश्वर महादेव मंदिर, रविनगर, मोती बाजार, भूतनाथ मंदिर सहित अन्य में मूर्तियों की स्थापना की गई थीं। इसके अलावा घरों में कई जगह लोगों ने गणपति की छोटी-छोटी मूर्तियां स्थापित की थीं। विसर्जन से पहले उक्त सभी मंदिरों यज्ञ का आयोजन किया गया। सिद्धगणपति मंदिर में विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। पूरे 11 दिन सिद्धिविनायक के भजनों से छोटी काशी गूंजती रही।  शाम पांच बजे शुरू हुआ विसर्जन देर शाम तक चलता रहा। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग विसर्जन देखने के लिए पहुंचे। किसी भी अनहोनी को टालने के लिए मौके पर पुलिस जवान और गोताखोर भी मौजूद रहे।

जोगिंद्रनगर- पिछले नौ दिनों से चला आ रहा गणपति बप्पा का उत्सव जोगिंद्रनगर शहर में बड़ी धूमधाम के साथ मनाया गया। उत्सव के दसवें दिन गुरुवार को गणपति महोत्सव समिति व बाल गणपति समिति जोगिंद्रनगर के समस्त सदस्यों द्वारा गणपति बप्पा को नम आंखों से पंडाल से विदाई दी गई। गणपति मंडालों में हवन यज्ञ व पूर्णाहुति पश्चात गणपति बप्पा के जयकारों के साथ समिति सदस्यों ने पंडाल से गणपति बप्पा को उनके मूषक के साथ फूलों से सजाई विशेष गाड़ी में विराजमान कर दिया। इसके बाद गणपति बप्पा द्वारा पूरे जोगिंद्रनगर बाजार, गुरुद्वारा, साई मार्केट, मेन बाजार, लक्ष्मी बाजार, रेलवे चौक से होते हुए परिक्रमा की गई। बप्पा की मूर्ति पर शहर में कई जगह भक्तजनों द्वारा पुष्पवर्षा की गई। इस दौरान समिति व जोगिंद्रनगर के प्रबुद्ध व्यक्तियों द्वारा गणपति के भक्तजनों व गणपति बप्पा के प्रति अपनी अपार श्रद्धा रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई, जहां पर गणपति भक्तों ने भंडारा ग्रहण कर गणपति विसर्जन के लिए बड़ौण की ओर रुख किया। गणपति बप्पा की यहा यात्रा गरोडू, बाबा बालकरूपी मुख्य द्वार, मसौली, झलवान, खुद्दर, मच्छयाल से होती हुई बड़ौण पहुंची। इस बीच हजारों भक्तजनों ने बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त किया। भारी संख्या में भक्तजनों द्वारा पूरे आदर व प्यार सहित बप्पा की मूर्ति बड़ौण खड्ड के घाट पर पहुंचाई गई, जहां पर सबसे पहले हजारों भक्तजनों ने पूरे विधिविधान से गणपति महाराज की आरती की। उसके बाद भक्तजनों ने नम आखों से खुशी-खुशी गणपति बप्पा को विदाई दी व समिति सदस्यों व स्थानीय लोगों के सहयोग से गणपति जी को बड़ौण खड्ड में विसर्जित कर दिया गया। इससे पूर्व महोत्सव की नौवीं संध्या में सभी पंडालों में महाआरती का आयोजन किया गया। अंतिम भजन संध्या में सुप्रसिद्ध गायिका ममता भारद्वाज ने भजनों के द्वारा आई हुई संगत को निहाल किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App