ढालपुर मैदान में राज्य स्तरीय टूर्नामेंट शुरू

By: Sep 14th, 2019 12:30 am

युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने किया आगाज, जिलों और छह खेल होस्टलों से 850 छात्र लेंगे भाग

कुल्लू –खेलों का जीवन में बहुत महत्व है। खेल से व्यक्ति का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। स्वस्थ व्यक्ति स्वस्थ समाज के निर्माण में अधिक योगदान करने की क्षमता रखता है। यह बात युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने आज कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में छात्रों की 62वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने द्वीप प्रज्जलित करके विधिवत ढंग से खेलकूद प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया। चार दिवसीय राज्य स्तरीय स्कूली टूर्नामेंट में प्रदेश के सभी जिलों तथा छह खेल होस्टलों से 850 छात्र भाग ले रहे हैं। गोविंद ठाकुर ने खिलाडि़यों को संबोधित करते हुए उन्हें राज्य स्तर पर खेलने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। खेल परिसरों और मैदानों को विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल विभाग ने खिलाडि़यों की डाइट राशि को 120 रुपए से बढ़ाकर 250 रुपए जबकि बाहरी प्रदेशों में भाग लेने वाले खिलाडि़यों के लिए यह राशि 200 रुपए से बढ़ाकर 400 रुपए की है। उन्होंने कहा कि स्कूली स्तर की प्रतियोगिताओं में डाइट मनी को बढ़ाने के लिए वह मुख्यमंत्री तथा शिक्षा मंत्री से मामला उठाएंगे। खेल मंत्री ने खिलाडि़यों का आह्वान किया कि वे खेल की भावना को अधिक महत्त्व दें। गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार ने नई खेल नीति बनाई है जो खिलाडि़यों के लिए जल्द ही लाई जाएगी। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री ने खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए 50,000 रुपए की राशि की घोषणा की। खेल विभाग के सहायक निदेशक प्रितम धौलटा ने कहा कि प्रदेश स्कूल क्रीड़ा संघ प्रतियोगितओें को विभिन्न छह चरणों में आयोजित कर रहा है। यह प्रतियोगिता छात्रों के लिए आयोजित की गई है, जिसमें कुल आठ खेलों को शामिल किया गया है। इन खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाडि़यों को राष्ट्रीय स्तर की खेलों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश के 499 खिलाडि़यों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर राज्य के लिए आठ स्वर्ण, आठ रजत तथा 12 कांस्य पदक जीते थे। इसी प्रकार खेलो इंडिया यूथ गेम्ज में प्रदेश के खिलाडि़यों ने 11 मेडल हासिल किए थे। उन्होंने खिलाडि़यों की दैनिक डाइट राशि तथा अनुदान को बढ़ाने का आग्रह किया। इससे पूर्व उपनिदेशक उच्च शिक्षा बलवंत ठाकुर ने स्वागत करते हुए कहा कि कुल्लू में राज्य स्तरीय खेलों की मेजबानी करना गौरव की बात है। खिलाडि़यों ने इस अवसर पर आकर्षक मार्च पास्ट भी प्रस्तुत किया। नगर परिषद की पार्षद अनिता शर्मा, वर्षा, एपीएमसी के अध्यक्ष अमर ठाकुर उपाध्यक्ष जिला भाजपा अरविंद चंदेल, राज्य योजना बोर्ड के सदस्य युवराज बौद्ध हिमाचल खेल संघ के प्रतिनिधि तथा अन्य व्यक्ति भी इस अवसर पर मौजूद रहे। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App