दो दिन बाद विदा होगा मानसून

By: Sep 29th, 2019 12:01 am

जाते-जाते जमकर बरसे बादल, अभी दो अक्तूबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर

शिमला – प्रदेश में शनिवार को जमकर बारिश हुई। दोपहर बाद मौसम ने करवट बदली और राजधानी शिमला सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश शुरू हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक प्रदेश में दो अक्तूबर तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान ऊंचाई एवं मैदानी क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश होगी। हालांकि अभी तक मानसून की बारिश जारी है, लेकिन आने वाले दो दिन बाद मानसून रुखसत होगा। शनिवार को शिमला में पांच मिलीमीटर, सुंदरनगर दो, भुंतर सात, धर्मशाला आठ, ऊना एक, सोलन तीन, मनाली दो, चंबा चा तथा शिमला के कुफरी में सात मिलीमीटर बारिश हुई। शनिवार को हुई बारिश के साथ ही राजधानी शिमला के अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट आई है। यहां का अधिकतम तापमान 19.2 तथा न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में आगामी दो अक्तूबर तक मौसम खराब रहेगा। दो अक्तूबर से प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा, जबकि मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश होगी। शिमला में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में छह से सात डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई। प्रदेश के लाहुल-स्पीति के केलांग का न्यूनतम और अधिकतम तापमान लगभग बराबर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 12.5 और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App