नहीं रहे देश के सबसे महंगे वकील

By: Sep 9th, 2019 12:08 am

पूर्व केंद्रीय मंत्री राम जेठमलानी का 95 साल की उम्र में निधन

 नई दिल्ली –देश के सबसे महंगे वकील और अटल बिहारी सरकार में शहरी विकास तथा कानून मंत्री रहे राम जेठमलानी का रविवार सुबह उनके आवास पर निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे और काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। उनके एक पुत्र महेश जेठमलानी उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता हैं। उनका अंतिम संस्कार रविवार शाम लोदी रोड़ स्थित श्मशान घाट पर कर दिया गया। उनके निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांगेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और अन्य नेताओं ने शोक व्यक्त किया। राम जेठमलानी देश के सबसे तेज-तर्रार और सीनियर वकीलों में से एक थे और कई बार केस लड़ने को लेकर वह विवादों में भी रहे। श्री जेठमलानी छह बार राज्यसभा सांसद रहे और मुंबई से दो बार लोकसभा सांसद चुने गए। वह वाजपेयी सरकार में शहरी विकास मंत्री और कानून मंत्री रहे थे। अपने आठ दशकों के अधिवक्ता करियर में उन्होंने कई विवादित केस भी लिए, जिनमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या में फांसी की सजा पाए सतवंत सिंह और केहर सिंह का केस, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या में दोषी वी श्रीहरिहरन उर्फ मुरुगन का केस काफी चर्चित रहा था। इसके अलावा मुंबई के अंडरवर्ल्ड डान हाजी मस्तान और गुजरात के तत्कालीन गृह मंत्री अमित शाह -सोहराबुद्दीन फर्जी एनकाउंटर केस में राम जेठमलानी ने शाह की पैरवी की थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App