फर्जीवाड़े के आरोपी का बढ़ा रिमांड

By: Sep 10th, 2019 12:20 am

ऊना –जिला ऊना में एक कथित एडवरटाइजिंग फर्म के नाम पर हजारों लोगों के साथ करोड़ांे रुपए का फर्जीवाड़ा करने वाले मुख्य आरोपी का पुलिस रिमांड बढ़ा दिया है। अब इसे दोबारा 12 सितंबर को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा। इससे पहले मुख्य आरोपी को छह से लेकर नौ सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी हुए थे। मामले से जुड़े साक्ष्य पूरे न होने के कारण पुलिस ने अदालत से मुख्य आरोपी के पुलिस रिमांड को बढ़ाए जाने की अर्जी दी थी। इसके चलते अब माननीय अदालत ने एमएमएस फर्जीवाड़े के मास्टरमाइंड का पुलिस रिमांड चार दिन तक बढ़ा दिया है। इस दौरान पुलिस मामले से जुडे़ हर तथ्य व सबूतों को एकत्रित करेगी। इसके बैंक खातों को भी खंगाला जा रहा है व संपत्ति की भी जांच भी की जा रही है। पुलिस इस बड़े धोखाधड़ी के मामले की तह तक जाने के लिए कार्रवाई में जुट गई है। मुख्य आरोपी ऊना में एसएमएस मामला उजागर होने के साथ ही फरार हो गया था। जिसे एक साल बाद पुलिस ने अरेस्ट करने में सफलता हासिल की है। जबकि इसके अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस इस मामले की गहन तहकीकात कर रही है कि किस प्रकार से एसएमएस के जरिए इस गिरोह ने लोगों के साथ धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। इस सारे मामले का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस जुटी हुई है। उल्लेखनीय है कि उक्त कंपनी अक्तूबर 2017 में ऊना आई थी। ऊना में एक मुख्य आफिस खोलने के बाद कंंपनी ने जिला के कई क्षेत्रों में अलग-अलग शाखाएं भी खोली थीं। कुछ ही महीनों में कंपनी ने 70 हजार आईडी खोल दी थी। इसमें एक आईडी की कम से कम कीमत तीन हजार रुपए है। आम लोगों के साथ-साथ पढ़े लिखे नौजवान भी इसका शिकार हुए हैं। पिछले साल तीन सितंबर को कंपनी ने अपने सारे कार्यालय रातो-रात बंद कर दिए तथा कंपनी के प्रमुख कर्ताधर्ता फरार हो गए। वहीं, एएसपी ऊना विनोद कुमार ने कहा कि ऊना पुलिस ने एसएमएस घोटाले के मुख्य आरोपी प्रवीण उर्फ मोहित को सोमवार को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया था। जहां इसे दोबारा पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश जारी हुए हैं। अब इसे 12 सितंबर को अदालत में पेश किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App