बंदरों पर तानी पिस्टल, खुद को मार ली गोली

By: Sep 14th, 2019 12:35 am

गगरेट के काला पंगा गांव में हादसा, अपनी ही गलती से घायल हुई महिला

गगरेट – उपमंडल गगरेट में उत्पात मचा रहे बंदर अब जानलेवा साबित होने लगे हैं। ऐसा की एक वाकया ऊना के गगरेट में पेश आया। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर सायं उपमंडल गगरेट की ग्राम पंचायत संघनेई के अंतर्गत आने वाले गांव काला पंगा में बंदरों को भगाने के लिए एयर पिस्टल चलाने की कोशिश में एक महिला खुद ही घायल हो गई। एयर पिस्टल से निकला छर्रा महिला के गले के नीचे जा लगा। उसे गंभीर अवस्था में होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उपमंडल गगरेट में बंदर इतने उत्पाती हो गए हैं कि खेतों में फसलों का नुकसान करने के साथ अब घरों में घुसने लगे हैं। ऐसे में कई लोग बंदरों को भगाने के लिए एयर पिस्टल व एयरगन का भी इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन इन हथियारों को चलाने की कला न जानने के चलते कई नौसिखिए खुद ही इनसे घायल हो जाते हैं। गुरुवार को भी ऐसा ही हुआ। काला पंगा गांव में जब एक घर में बंदर घुस अए तो उन्हें भगाने के लिए 40 वर्षीय महिला अंजना पत्नी जरनैल सिंह ने बंदरों को भगाने के लिए रखी एयर पिस्टल निकाल ली, लेकिन इसे चलाने की कला वह नहीं जानती थी। अतः उसने एयर पिस्टल की नली अपनी तरफ करके ट्रिगर दबा दिया और उससे निकला छर्रा सीधा उसकी गर्दन के नीचे आकर लगा। वह दर्द के मारे छटपटाने लगी। परिजन उसे तत्काल होशियारपुर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। अंजना के बयान लेने पहुंची गगरेट पुलिस को अंजना ने इस सारी के बारे में बताया। डीएसपी मनोज जम्वाल ने बताया कि अंजना के अनुसार उससे खुद से ही गलती से ट्रिगर दब जाने से यह हादसा हुआ है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App