बारिश ने निगले 1189 करोड़

By: Sep 5th, 2019 12:01 am

पीडब्ल्यूडी को लगी सबसे बड़ी चपत, 49 सड़कें अभी भी बंद

शिमला- हिमाचल प्रदेश को बारिश ने अब तक  1189 करोड़ की चपत लगा दी है। बारिश से नुकसान का क्रम अभी भी थमते नहीं दिख रहा। राज्य में अभी भी भू-स्खलन के चलते 49 मार्ग यातायात के लिए बाधित चल रहे हैं। ऐसे में नुकसान का आंकड़ा ओर बढ़ने की सभावना जताई जा रही है। राज्य आपदा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के तहत प्रदेश को बारिश से अब तक 1189 करोड़ का नुकसान हो चुका है। लोक निर्माण विभाग को बारिश से सबसे ज्यादा चपत  लगाई है। बारिश लोक निर्माण विभाग कोे अब तक 584 करोड़ का नुकसान कर चुकी है। इसके अलावा आईपीएच विभाग को भी बारिश ने 316 करोड़ के जख्म दिए हैं। इसके अलावा बिजली बोर्ड व बागबानी को भी व्यापक नुकसान पहुुंचा है। राज्य आपदा प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के तहत हिमाचल में अभी 49 सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हुई हैं। मंडी जोन में सबसे ज्यादा 21 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए ठप हैं। इसके अलावा शिमला में 16, हमीरपुर में पांच व कांगड़ा में छह सड़कें बंद हैं। इन सड़कों को बहाल करने के लिए कार्य प्रगति पर है। लोक निर्माण विभाग का दावा है कि जल्द ही बंद सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया जाएगा।

कच्चे मकानों को नुकसान

हमीरपुर, कांगड़ा व ऊना में कच्चे मकानों को काफी नुकसान पहुंचा है। कांगड़ा में एक मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ है, वहीं एक मकान को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा ऊना में तीन व हमीरपुर में एक  मकान को नुकसान हुआ है। यही नहीं, कांगड़ा में तो उपजाऊ जमीन तक बह गई  है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App