मुख्यमंत्री को अब याद आया पच्छाद

By: Sep 3rd, 2019 12:02 am

शिमला -प्रदेश कांग्रेस ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की उस घोषणा पर हैरानी जताई है, जिसमें उन्होंने प्रदेश में आगामी दस दिनों में उपचुनाव की तिथियां घोषित होने की बात कही है। कांग्रेस का कहना है कि मुख्यमंत्री के इस बयान से चुनाव आयोग की स्वायतता पर सीधा प्रहार है और दखल है। आयोग को इसका संज्ञान लेते हुए इस पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने यहां कहा कि मुख्यमंत्री को पच्छाद की अब दो साल बाद याद आ रही है। इस क्षेत्र में मुख्यमंत्री की घोषणाएं केवल लोगों को गुमराह करने के लिए हैं, क्योंकि उन्होंने इससे पूर्व यहां की कोई सुध नहीं ली। कांग्रसे अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने इस क्षेत्र के नारग में एक कालेज व पजोता में आईटीआई स्वीकृत की थी, परंतु वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही इन दोनों संस्थान रद्द कर दिए। अब मुख्यमंत्री अपने चुनावी लाभ के लिए यहां झूठी घोषणाएं कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार के शासनकाल में विकास ठप होकर रह गया है। प्रदेश सरकार के पास पैसा ही नहीं है। सरकार को अपने खर्चे चलाने के लिए हर माह बैंकों से कर्जा लेना पड़ रहा है। केंद्र से प्रदेश को कोई विशेष आर्थिक सहायता भी नहीं मिल रही है, जबकि सरकार इसके बड़े-बड़े दावे कर रही है। भाजपा अब प्रदेश के लोगों को अधिक समय तक गुमराह नहीं कर सकती।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App