यू ब्लॉक में बनेगी बहुमंजिला पार्किंग

By: Sep 23rd, 2019 12:20 am

अभिनंदन समारोह में सीएम का खुलासा, शहर में सुविधा को सरकार ने शुरू की प्रक्रिया

मंडी-व्यापार मंडल मंडी की ओर से विपाशा सदन मंडी में आयोजित अभिनंदन समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मंडी शहर को भीड़  और पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए सरकार कई योजनाओं पर विचार कर रही है। कांगणीधार में शिवधाम को जहां रोप वे से जोड़ा जाएगा। वहीं मंडी शहर में पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए एक बड़ी बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। मंडी शहर की भीड़ को कम करने के प्रयास किए जाएंगे। यू ब्लॉक में बहुमंजिला पार्किंग बनाने की प्रक्रिया सरकार ने शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही सरकार उपायुक्त कार्यालय को शहर से बाहर पुलिस लाइन में शिफ्ट करने पर भी विचार कर रही है। पुलिस लाइन को किसी दूसरी जगह बदल कर बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा, जिसमें बहुमंजिला पार्किंग की सुविधा भी लोगों को मिलेगी। उन्होंने कहा कि एडीबी परियोजना के अंतर्गत पर्यटकों के लिए मंडी को शिवधाम पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवधाम मंडी के नजदीक कांगनीधार के पास विकसित किया जाएगा। यहां रोप-वे बनाने का भी सरकार प्रयास करेगी। कांगणीधार में ही आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एडीवी परियोजना के तहत व्यास पर कृतिम झील के लिए भी सरकार ने 50 करोड़ रुपए बचा कर रखे हैं। सरकार इस योजना को सुरक्षित बनाने के तकनीकी पहलुओं पर विशेषज्ञों के साथ विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि मंडी शहर को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, ताकि पर्यटक यहां भी आकर रुकें।  विशेषज्ञों से विचार-विमर्श के बाद मंडी शहर में ब्यास नदी के साथ एक कृत्रिम झील का निर्माण करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन के विकास की अत्याधिक संभावनाएं हैं। प्रदेश के मौजूदा पर्यटक स्थलों से पर्यटकों के दबाव को कम करने के लिए अब राज्य सरकार ने अनछुए पर्यटक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि कांगनीधार में आने वाले समय में एक विश्व स्तरीय हेलिपोर्ट होगा। इस अवसर पर सांसद राम स्वरूप शर्मा, विधायक अनिल शर्मा, कर्नल इंद्र सिंह, इंद्र सिंह गांधी, विनोद कुमार, राकेश जम्वाल, जवाहर ठाकुर, प्रकाश राणा, प्रधान सचिव राजस्व ओंकार शर्मा, उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर  मिल्कफेड के अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, गुरदेव शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर और जिला मीडिया प्रभारी पंकज कपूर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App