सोनिया गांधी ने दिल्ली बुलाए कांग्रेस के नेता

By: Sep 9th, 2019 12:04 am

शिमला -राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सोनिया गांधी पहली बार राज्यों के कांगे्रस नेताओं से मिलने जा रही हैं। उन्होंने 12 सितंबर को दिल्ली में सभी राज्यों के कांगे्रस नेता बुलाए हैं, जिसमें हिमाचल के नेताओं को भी बुलावा आया है। बैठक में राज्य के प्रभारी, अध्यक्ष व सीएलपी नेता हिस्सा लेंगे, जिसके लिए प्रदेश से अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व सीएलपी नेता मुकेश अग्निहोत्री जाएंगे। वहां कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल भी शिरकत करेंगी। बताया जाता है कि प्रदेशों में कांग्रेस के सांगठनिक ढांचे को सुदृढ़ करने की दृष्टि से दिल्ली में बातचीत होगी, वहीं आने वाले समय में कांग्रेस को कैसे चलाया जाना है, इस पर उनकी राय ली जाएगी। राहुल गांधी के बाद सोनिया गांधी ने वापस संगठन की कमान संभाली है, लिहाजा नए सिरे से कांग्रेस को क्रियाशील करना है और इसके लिए सभी की राय लेना जरूरी है। बारह सितंबर को होने वाली बैठक के लिए 11 सितंबर को यहां से कुलदीप सिंह राठौर व मुकेश अग्निहोत्री दिल्ली जाएंगे। दोनों नेता वहां हिमाचल की राजनीतिक परिस्थितियों पर भी चर्चा करेंगे। वहां उन्हें सोनिया गांधी से अलग से मुलाकात का समय मिल सकता है, क्योंकि बताया जाता है कि सोनिया गांधी सभी राज्यों के नेताओं से अलग से भी बातचीत करेंगी। हिमाचल में कांग्रेस का ढांचागत विकास करने की कवायद चल रही है। यहां नई कार्यकारिणी का गठन किया जा रहा है। साथ ही आने वाले दिनों में विधानसभा के दो उपचुनाव भी होने हैं। सोनिया गांधी से उप चुनाव की रणनीति पर भी बात हो सकती है। बता दें कि धर्मशाला व पच्छाद में चुनाव होना है, जहां पर पहले भी भाजपा के ही विधायक थे। उनसे यह सीट छीनना कांग्रेस के लिए आसान नहीं है, क्योंकि लोकसभा के चुनाव में उनकी खासी दुर्गति हो चुकी है। ऐसे में माहौल जब कांग्रेस के हक में नहीं है, तो यहां पर कांग्रेस किस रणनीति के तहत चुनाव में उतरेगी इस पर चर्चा जरूरी है। वैसे कुलदीप राठौर के सामने पहले लोकसभा चुनाव थे, लेकिन तब वह पूरी तरह से अपनी कुर्सी पर जम नहीं पाए थे, अब ऐसा नहीं है।

गांधी जयंती पर चर्चा

सोनिया गांधी के साथ होनी वाली बैठक में महात्मा गांधी की जयंती को लेकर भी चर्चा होनी है। उनकी जयंती पर कांग्रेस किस तरह के कार्यक्रम करेगी इसे लेकर सभी राज्यों के नेताओं से बातचीत होगी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App