हरियाणा में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड की तर्ज पर प्राधिकरण गठित करने की मांग

By: Sep 21st, 2019 12:03 am

चंडीगढ़  – हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने ट्राइसिटी-पंचकूला, मोहाली व चंडीगढ़ में बढ़ते शहरीकरण और यहां के निवासियों की बढ़ती अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए एक नई संस्थागत व्यवस्था को जरूरी बताते हुए केंद्र सरकार से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड की तर्ज पर वैधानिक शक्ति प्राप्त बोर्ड अथवा प्राधिकरण गठित करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री उत्तरी क्षेत्रीय परिषद 29वीं बैठक के दौरान बोल रहे थे। इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल  सत्यपाल मलिक, पंजाब के राज्यपाल व संघीय क्षेत्र चंडीगढ़ के प्रशासक  वीपी सिंह बदनौर, पंजाब के सीएम अमरेंदर सिंह, राजस्थान के मुख्यमंत्री  अशोक गहलोत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल, हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  ओम प्रकाश धनखड़ तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री  कृष्ण कुमार बेदी समेत परिषद के सदस्य राज्यों के मंत्री, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और केंद्र व राज्य सरकारों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री मनोहल लाल खट्टर ने परिषद की बैठक का आयोजन कैपीटल सिटी चंडीगढ़ में करने तथा इसकी मेजबानी का अवसर हरियाणा को देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस बैठक में हुए विचार-मंथन से उत्तर क्षेत्र के सभी लंबित मुद्दों को सुलझाने में सहायता मिलेगी, जिससे हम एक आधुनिक, सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ेंगे। हरियाणा की मुख्य सचिव  केशनी आनंद अरोड़ा ने धन्यवाद प्रस्ताव ज्ञापित करते हुए कहा कि बैठक की मेजबानी हरियाणा के लिए गौरव का विषय हैं और हम सभी क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाएंगे । मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा क्षेत्रफल व जनसंख्या की दृष्टि से देश का एक छोटा सा राज्य है, लेकिन देश की अर्थव्यवस्था में इसका उल्लेखनीय योगदान है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय दो लाख 26 हजार 644 रुपए है, जो देश के बड़े राज्यों में सर्वाधिक है। आर्थिक विकास दर के मानदंड पर सभी राज्यों में हरियाणा तीसरे स्थान पर है। निर्यात व जीएसटी संग्रहण, दोनों में हरियाणा देश में 5वें स्थान पर और ई-वे बिल जारी करने में देश में चौथे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा इज ऑफ डूईंग बिजनेस रैकिंग में उत्तर भारत में पहले स्थान पर तथा देश में तीसरे स्थान पर हैं।

हरियाणवी शॉल देकर किया अभिनंदन

बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पुष्पगुच्छ, हरियाणवी संस्कृति की प्रतीक चादर (शॉल) तथा स्मृति चिन्ह देकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अभिनंदन किया। इसी प्रकार, हरियाणा के वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल  सत्यपाल मलिक व पंजाब के राज्यपाल व संघीय क्षेत्र चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  ओमप्रकाश धनखड़ ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को तथा हरियाणा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री  अमरेंदर सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल व दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल को पुष्पगुच्छ, हरियाणवी संस्कृति की प्रतीक चादर (शॉल) तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

खट्टर सरकार नगर निगमों के महापौर को देगी पेंशन

चंडीगढ़ – हरियाणा सरकार ने नगरनिगमों के महापौर, वरिष्ठ उप-महापौर और उप महापौर तथा नगर परिषदों और समितियों के अध्यक्षों को पेंशन देने का निर्णय लिया है। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस आशय के एक प्रस्ताव को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। निर्णय के तहत नगरनिगम के महापौर को 4000 रुपए, वरिष्ठ उप-महापौर को  3000 रुपए एवं उप-महापौर को 2000 रुपए प्रतिमाह पेंशन दी जाएगी। इसी प्रकार, नगरपरिषद अध्यक्ष और नगर समिति के अध्यक्षों को क्रमशः 2000 और 1500 रुपए प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। प्रवक्ता के अनुसार यह पेंशन तभी देय होगी, यदि संबंधित व्यक्ति वृद्धावस्था पेंशन के अलावा  किसी अन्य स्रोत से पेंशन प्राप्त नहीं कर रहा है तथा उक्त पदों में से किसी भी एक पद पर उसने अढाई वर्ष से अधिक की अवधि के लिए कार्य किया हो।

हरियाणा में तीन आईएएस-चार एचसीएस के तबादले

चंडीगढ़ – हरियाणा सरकार ने तुरंत प्रभाव से तीन आईएएस और चार एचसीएस अधिकारियों के शुक्रवार  को तबादले एवं नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि स्थानांतरित किए गए आईएएस अधिकारियों में हरियाणा राज्य भंडारण निगम के प्रबंध निदेशक रिपुदमन सिंह ढिल्लो को निदेशक, हरियाणा प्रशासन सुधार प्राधिकरण लगाया गया है। आवास बोर्ड के मुख्य प्रशासक शालीन को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा वित्त विभाग के विशेष सचिव का कार्यभार भी सौंपा गया है। इसी प्रकार, सामान्य प्रशासन और राजस्व एवं आपदा प्रबंधन-। विभाग के सचिव विजेंद्र कुमार को उनके वर्तमान कार्यभार के अतिरिक्त हरियाणा राज्य भंडारण निगम के प्रबंध निदेशक का कार्यभार भी सौंपा गया है। एचसीएस अधिकारी अमर दीप सिंह, उपमंडल अधिकारी (नागरिक)-एवं-अतिरिक्त कलेक्टर, लौहारू एवं सिवानी तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जिला परिषद रोहतक एवं सीईओ, जिला ग्रामीण विकास प्राधिकरण (डीआरडीए), रोहतक को उप-मंडल अधिकारी (नागरिक)-एवं-अतिरिक्त कलेक्टर, सांपला और सीईओ, जिला परिषद, रोहतक एवं सीईओ, डीआरडीए, रोहतक नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार, सतबीर सिंह, विषेष कार्याधिकारी, आयुक्त कार्यालय, फरीदाबाद मंडल को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा उप-मंडल अधिकारी (नागरिक)-एवं-अतिरिक्त कलेक्टर, सिवानी का कार्यभार सौंपा गया है। वित्त विभाग के उप सचिव और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, मनोज खत्री को उप-मंडल अधिकारी (नागरिक),लौहारू एवं वित्त विभाग के उप-सचिव का कार्यभार सौंपा गया है। हरियाणा पर्यटन विकास निगम की महा-प्रबंधक कमलप्रीत कौर को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा उपमंडल अधिकारी (नागरिक) कैथल का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App