हिमाचल में 1219 करोड़ का नुकसान

By: Sep 30th, 2019 12:02 am

प्रदेश में बारिश के कारण पीडब्ल्यूडी को सबसे जोरदार चपत

शिमला –हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर जारी है। राज्य में बीते शनिवार से लगातार बारिश हो रही है। इससे राज्य में फिर से नुकसान हो रहा लगी है। इस दौरान मंडी में भारी बारिश से एक कच्चा मकान जमींदोज हो गया, जिसमें सात लोगों के दबने की सूचना है। गौर हो कि हिमाचल में बारिश अब तक करोड़ों की संपत्ति पर पानी फेर चुकी है। बारिश से राज्य में 1219 करोड़ का नुकसान हो चुका है। राज्य आपदा प्राधिकरण के अनुसार सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ है। पीडब्ल्यूडी को बारिश से 595 करोड़ की चपत लग चुकी है। इसके अलावा आईपीएच  विभाग को 321 करोड़ 25 लाख, बागबानी विभाग को 34 करोड़ 34 लाख, कृषि विभाग को 81 करोड़ सात लाख, बिजली बोर्ड को 24 करोड़ 98 लाख, पशुपालन विभाग को 11 लाख, उच्च शिक्षा विभाग को एक करोड़ 80 लाख, एलिमेंटरी को चार करोड़ 47 लाख, स्वास्थ्य विभाग को एक करोड़ 17 लाख को नुकसान पहुंचा है।

बारिश से अब तक 52 की मौत

प्रदेश में बारिश से अब तक 52 मौतें हो चुकी हैं। इसके अलावा कई भवन जमींदोज हो गए हैं। सितंबर माह में कुछ दिन मौसम साफ रहने से लोग मानसून के जल्द रुखसत होने की संभावना जता रहे थे, लेकिन मानसून फिर सक्रिय हो गया है।

प्रदेश में अभी भी 18 सड़कें बंद

बारिश से राज्य में अभी भी 18 सड़कें अवरुद्ध पड़ी हुई हैं। राज्य आपदा प्राधिकरण के अनुसार राज्य में सबसे ज्यादा सड़कें सिरमौर में बंद हैं। यहां 12 सड़कों पर यातायात ठप है, जबकि शेष हिमाचल में छह सड़कें बंद हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App