एक नजर

By: Oct 8th, 2019 12:02 am

इटली में जहाज हादसा चार की मौत, 25 लापता

जेनेवा। इटली के दक्षिणी लांपीदुसा द्वीप के समीप एक जहाज दुर्घटना में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है और 25 अन्य लापता हैं। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले उन्होंने दिन में कहा था कि लांपीदुसा में एक जहाज के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने की घटना में दो लोगों की मौत हो गई है और 30 अन्य लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

ओडिशा में बिजली गिरने से पांच की मौत

भुवनेश्वर। ओडिशा में बिजली गिरने की घटना में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य झुलस गए। राज्य के विशेष राहत उपायुक्त प्रावत रंजन महापात्रा ने सोमवार को बताया कि कारापट और क्योंझार जिला में दो-दो लोगों और ढेंकनाल में एक व्यक्ति की बिजली गिरने से मौत हो गई। इनके अलावा क्योंझार जिला में तीन लोग इसकी चपेट में आकर झुलस गए हैं।

पुर्तगाल चुनावों में सोशलिस्ट पार्टी आगे

मेड्रिड। पुर्तगाल में हो रहे चुनावों में देश के मौजूदा प्रधानमंत्री अंतोनियो कोस्टा की सोशलिस्ट पार्टी सबसे आगे चल रही, लेकिन बहुमत से फिलहाल दूर है। गृह मंत्रालय के अनुसार 230 सीटों वाली संसद के लिए 35 फीसदी वोटों की गिनती हो चुकी है। अभी तक हुई गिनती में सोशलिस्ट पार्टी को 38.3 प्रतिशत मत मिले हैं, जबकि प्रमुख प्रतिद्वंद्वी सोशल डेमोक्रैट््स को 33.3 और लेफ्ट ब्लॉक पार्टी को 6.8 फीसदी वोट प्राप्त हुए हैं।

फिनलैंड में गोलीबारी एक की जान गई

हेलसिंकी। फिनलैंड में दक्षिणी क्षेत्र के लहटी शहर में हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। स्थानीय मीडिया के अनुसार यह गोलीबारी एक मकान के भीतर हुई, जिसके बाद पुलिस ने ईमारत को चारों से घेर लिया था। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन उसने पीडि़त के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।

ईराक में हिंसक प्रदर्शन अब तक 104 की मौत

काहिरा। इराक में सरकार के खिलाफ जारी व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षाबलों के साथ संघर्ष में मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़ कर 104 पर पंहुच गई। गृह मंत्रालय के अनुसार हिंसक प्रदर्शन में मरने वालों की संख्या 104 पहुंच गई है तथा यह संख्या और भी बढ़ सकती है। स्थानीय मीडिया के अनुसार ईराक की राजधानी बगदाद के मध्य और पूर्वी क्षेत्र में हाल ही में हुई हिंसा में कई लोगों के मरने की खबर है।

अफगानिस्तान में 18 आतंकवादी ढेर

काबुल। अफगानिस्तान के कुंडुज प्रांत में सुरक्षाबलों और आतंकवादी समूह तालिबान के बीच हुए संघर्ष में तीन जवानों और 18 आतंकवादियों की मौत हो गई। अफगानिस्तान के गृह मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में बताया कि तालिबान आतंकवादियों ने रायफल और मशीनगन के साथ कलाय-ए-जल जिला में रविवार रात हमला किया, जिसके बाद उनके और सुरक्षाबलों के बीच भीषण संघर्ष हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App