एक नजर

By: Oct 31st, 2019 12:01 am

चिली में विरोध प्रर्दशन 20 की मौत, 473 जख्मी

सैंटियागो। चिली में 19 से 27 अक्तूबर तक आपातकाल के दौरान पुलिस कार्रवाई में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई और 473 लोग घायल हो गए है। गृह मंत्रालय ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि इस दौरान सैकड़ों पुलिसकर्मी और सैन्य कर्मी भी घायल हुए हैं।

अफगानिस्तान में 47 तालिबानी मार गिराए

काबुल। दक्षिणपूर्वी अफगानिस्तान के जाबुल प्रांत में सेना के हवाई हमलों में कम से कम 47 तालिबानी आतंकवादियों की मौत हो गई है और 15 से अधिक घायल हुए हैं। सैन्य प्रवक्ता ख्वाजा याहया अलावी ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि विदेशी सैनिकों ने शिनकी और नाबहार जिलों में हवाई हमले किए, जिसमें काफी संख्या में आतंकवादी मारे गए।

कोलंबिया में हमला पांच की जान गई

बोगोटा। दक्षिण अमरीकी देश कोलंबिया के कौका प्रांत में एक हथियार बंद समूह की ओर से किए गए हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। कोलंबिया की सेना ने एक वक्तव्य जारी कर यह जानकारी दी।

जापान में बारिश और बाढ़ से 12 की मौत

टोक्यो। जापान में बारिश और बाढ़ के कारण दो लोगों की मौत होने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है तथा एक व्यक्ति अब भी लापता है। राष्ट्रीय प्रसारक ‘एनएचके’ ने बुधवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि चिबा प्रांत में 11 लोग मारे गए हैं, जबकि फुकुशिमा प्रांत में एक व्यक्ति की मौत हुई है।

निर्दलीय उम्मीदवार का भाजपा को समर्थन

मुंबई। कोल्हापुर के शाहूवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक विनय कोरे ने बुधवार को भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस से मुलाकात करने के बाद बुधवार को श्री कोरे ने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा कर दी। श्री कोरे एनडीए समूह में शामिल जन सुराज्य शक्ती पार्टी के थे, लेकिन चुनाव से पूर्व यह सीट शिव सेना के हिस्से में चली गई थी, जिसके कारण श्री कोरे ने बगावत कर दी और निर्दलीय चुनाव लड़ा था।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App