किसानों को मिलेंगे 5000 नए पोलीहाउस

By: Oct 1st, 2019 12:01 am

मुख्यमंत्री नूतन परियोजना के तहत सरकार देगी सौगात, पहले चरण में 150 करोड़ रुपए का बजट होगा खर्च

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में किसानों के लिए खास खबर है, क्योंकि उन्हें मॉडल पोलीहाउस मिलेंगे। दरअसल प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नूतन पोलीहाउस परियोजना शुरू करने जा रही है। इस परियोजना के तहत किसानों को 5000 नए नूतन पोलीहाउस मिलेंगे। पहले चरण में दिए जाने वाले इन पोलीहाउस के लिए सरकार 150 करोड़ रुपए का बजट खर्च करेंगी।  बता दें कि प्रदेश में अब किसानों को नई पोलीहाउस परियोजना के तहत ही बजट जारी होगा। इसके लिए सरकार ने गाइडलाइन तय कर दी है। बताया जा रहा है कि  सरकार जल्द नई पोलीहाउस योजना में किसानों को किस आधार पर अप्लाई करना है, इस बारे में अधिसूचना जारी करेगी। गौर हो कि इससे पहले प्रदेश के किसानों के लिए वाईएस परमार किसान स्वरोजगार योजना सरकार ने मार्च में बंद कर दी थी। यही वजह है कि काफी समय से प्रदेश के किसानों को पोलीहाउस के लिए बजट नहीं मिल रहा था। फिलहाल मुख्यमंत्री नूतन पोलीहाउस परियोजना के शुरू होने के बाद किसानों को कई फायदे होंगे। अहम यह है कि मॉडल नूतन पोलीहाउस में लगाए जाने वाले पौधों के लिए पानी की भी कम आवश्यकता होगी। 80 प्रतिशत पानी की कमी को मॉडल पोलीहाउस दूर करेगा। इसके साथ ही इस पोलीहाउस में लेबर भी कम लगेगी। कृषि विभाग के अधिकारियों का दावा है कि नए पोलीहाउस में लगाई जाने वाली विभिन्न फसलों में कीट व बीमारियां भी नहीं लगेंगी। जानकारी यह भी है कि नूतन पोलीहाउस के नजदीक जंगली जानवर भी नहीं आ पाएंगे। इसको लेकर विभाग ने पहले से ही व्यवस्था की है। सूत्रों की मानें तो दो फेज में यह पोलीहाउस लगाए जाएंगे। पहले फेज मेें 75 करोड़ का बजट खर्च किया जाएगा, जिसमें 2500 पोलीहाउस लगाए जाएंगे। सरकार सबसे पहले आवेदन करने वाले किसानों को ही यह सुविधा मुहैया करवाएगी। कृषि विभाग का दावा है कि इससे कई नए फार्मर भी जुड़ पाएंगे। बता दें कि यह दूसरा मौका है, जब हिमाचल में खेतीबाड़ी को बढ़ावा देने के लिए नूतन पोलीहाउस की शुरुआत की गई है। गौर हो कि प्रदेश के कई ऐसे भी क्षेत्र हैं, जहां पर पानी की कमी होने पर भी किसान खेतीबाड़ी नहीं करते हैं। अब नूतन पोलीहाउस लगने के बाद फसलों को 80 प्रतिशत पानी की आवश्यकता न होना बड़ी खबर है।

हजारों किसान पोलीहाउस का कर रहे इंतजार

हिमाचल में हजारों ऐसे किसान हैं, जो पोलीहाउस लगाने के लिए बजट का इंतजार कर रहे हैं। दरअसल केंद्र से भी पोलीहाउस योजना के लिए इस बार कम बजट आया है। ऐसे में छह महीने से भी ज्यादा समय से अप्लाई करने वाले किसानों को निराश होना पड़ रहा है।

दो फेज में दी जाएगी सुविधा

बताया जा रहा है कि सरकार दो फेज में प्रदेश में ये पोलीहाउस लगाएगी। इसमें एक फेज के लिए 75 करोड़ तक का बजट कृषि विभाग जारी करेगा। हर फेज में 2500 किसानों को पोलीहाउस की सुविधा मल सकेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App