खजियार में पर्यटन पर्व की धूम

By: Oct 14th, 2019 12:20 am

चंबा- नेहरू युवा केंद्र चंबा- कांगड़ा के स्वयंसेवियों द्वारा विभिन्न यूथ व युवक मंडलों के सहयोग से विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल खजियार में रविवार को पर्यटन पर्व के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के पर्यटकों को इस जगह की विशेषता के बारे में बताया गया। इसके साथ ही पर्यटकों के सुविधा में सुधार को लेकर सुझाव लेने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनका स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटकों ने भी आनंद उठाया। कार्यक्रम का आयोजन नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा समन्वयक विवेक कुमार के निर्देशानुसार किया गया। चंबा जिला में पर्यटन पर्व दो से 13 अक्तूबर तक मनाया गया। इसके तहत जिला के विभिन्न हिस्सों में पर्यटन पर्व के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में चामुंडा यूथ क्लब धनेई, युवक मंडल सराहन व राइज युवक मंडल ओबडी के सदस्यों का भी अहम योगदान रहा। इस मौके पर नेहरू युवा केंद्र कांगड़ा के जिला युवा समन्वयक नरेश सिंह के अलावा काफी तादाद में स्वयंसेवियों ने उपस्थिति दर्ज करवाई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App