टॉप-30 में कुमार साहिल

By: Oct 11th, 2019 12:05 am

कांगड़ा – सुरीली आवाज से सबका मन मोह लेने वाले कुमार साहिल का सोनी टीवी के इंडियन आयडल में चयन कांगड़ा के लिए बड़ी उपलब्धि है। इंडियन आयडल के लिए देश भर में ऑडिशन के बाद 600 प्रतिभागी चयनित हुए। उसमें से 60 लोग इंडियन आयडल के लिए चुने गए। निर्णायक मंडल में शामिल अनु मलिक, नेहा कक्कड़ व विशाल भदानी की परख के बाद कुमार साहिल का चयन टॉप-30 में हुआ है। यह शो 12 अक्तूबर को सोनी टीवी पर देखा जा सकेगा। कुमार साहिल की इस बड़ी उपलब्धि से उसके परिजनों व दोस्तों में खुशी का माहौल है। साहिल के पिता कुलदीप कुमार का मानना है कि भविष्य में भी साहिल को लोगों का प्यार व आशीर्वाद मिलता रहेगा। यू-ट्यूब, फेसबुक व इंस्टाग्राम के जरिए हजारों प्रशंसकों तक पहुंच रखने वाले कुमार साहिल शो में बेहतरीन परफॉर्मेंस के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं। ‘दिव्य हिमाचल’ के लोकप्रिय इवेंट ‘हिमाचल की आवाज’ में अव्वल रहे कुमार साहिल दर्जनों रियलिटी शो में दमदार प्रस्तुतियां दे चुके हैं। साहिल ‘पंजाब दी आवाज’ में सेकेंड रनरअप रहे हैं। जीटीवी पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम सारेगामापा के मेगा राउंड में स्थान बनाने में कुमार साहिल कामयाब रहे।

‘दिव्य हिमाचल’ के मंच से सफर की शुरुआत

कुमार साहिल कहते हैं कि उन्होंने ‘दिव्य हिमाचल’ के मंच से अपने सफर की शुरुआत कर लगातार बुलंदियों को छुआ है। साहिल के परिजनों व दोस्तों का कहना है कि हिमाचल के लोगों के प्यार और आशीर्वाद से ही आज साहिल को गायकी के शिखर तक पहुंचे हैं। अब वह इंडियन आयडल का खिताब पाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इसके लिए लगातार रियाज का दौर जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App