डकोलढ़ में एनएच-5 पर लगेगी सुरक्षा दीवार

By: Oct 22nd, 2019 12:20 am

 तीन करोड़ की लागत से बनेगी वॉल, लोगों में खुशी की लहर

रामपुर बुशहर –सात वर्ष के लंबे अंतराल के बाद डकोलढ़ में एनएच-5 पर हुए भू स्खलन के जख्म अब भरने जा रहे है। यहां पर हुए भू-स्खलन वाले प्वाइंट में 3 करोड़ की सुरक्षा दिवार लगने जा रही है। इस लंबे अंतराल में सबसे ज्यादा सुकून की सांस उन परिवारों ने ली है जो सात वर्ष पहले भू-स्खलन की चपेट में आए थे। स्थिति ये हो गई थी कि आधा दर्जन परिवारों को घर छोड़ने की नौबत आ गई थी। गनीमत ये रही कि भू-स्खलन का दौर अपने आप ही रूक गया। लेकिन उस प्वाइंट पर एनएच 5 काफी संकरा हो गया। जो स्थिति अभी तक बरकरार है। यहां पर अकसर वाहनों का लंबा जाम लगा रहता है। ऐसे में अब डकोलढ़वासियों के लिए ये सबसे बड़ी खुशखबरी है कि उस संकरे प्वाइंट पर डंगा लगने जा रहा है। अभी तक डंगा न लगने की वजह विभाग की अपनी आंतरिक लेटलतिफी रही। कई बार इस डंगे का नक्शा बदला गया। जिसके बाद इसकी लागत बढ़ गई। ऐसे में ये अहम डंगा विभाग के कार्यालयी चक्कर काटता रहा तो सात वर्ष का लंबा अंतराल निकल गया। अब जहां संकरी सड़क वाहन चालकों के लिए सरदर्द बन गई थी वहीं संकरी सड़क के दुकानदार और मकानमालिक खासे परेशान थे। अब जाकर एनएच प्राधिकरण ने इस डंगे को लेकर पूरी प्रक्रियाएं कर दी है। इतना ही नहीं इस कार्य के लिए संबंधित ठेकेदार को अवार्ड लेटर भी जारी कर दिया गया है। जिसमें ये तय किया गया है कि अगले छ माह में ये डंगा लगकर तैयार हो जाएगा। यानि अगले वर्ष डकोलढ़ में संकरी सड़क चौड़ी हो जाएगी। साथ ही वो लोग भी राहत की सांस लेंगे जिनके घर इस भू-स्खलन के दौरान खतरे की जद में चले गए थे। एनएच विंग ने कहा कि जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा। ठेकदार के साथ सभी औपचारिकताएं पूरी कर दी गई है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App