तारा चंद सर्वसम्मति से दोबारा चुने अध्यक्ष

By: Oct 24th, 2019 12:20 am

तीसा –चुराह भाजपा मंडल के बुधवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह बैरागढ़ में संपन्न चुनावों में तारा चंद को दोबारा से आम सहमति से अध्यक्ष चुन लिया गया। भाजपा मंडल की चुनावी प्रक्रिया चुनाव प्रभारी रणजीत सिंह पठानिया की देखरेख में संपन्न हुई।  बैठक में विस उपाध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक हंसराज विशेष तौर से मौजूद रहे। तारा चंद के सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा के साथ ही कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। विधानसभा उपाध्यक्ष हंस राज ने तारा चंद ठाकुर को दोबारा से मंडलाध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आने वाले 2022 के चुनावों के लिए सभी कार्यकर्ता इसी प्रकार मिलजुल कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि उन्हें तारा चंद की कार्यशैली पर पूरा भरोसा है पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा मंडल चुराह की दिन रात की मेहनत की वजह से लोकसभा चुनाव में चंबा- कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद किशन कपूर को विधानसभा चुराह से भारी लीड मिली। विधानसभा  उपाध्यक्ष ने कहा कि तारा चंद ठाकुर संगठन को और भी सक्षम और सशक्त बनाएंगे। उधर, चुराह भाजपा मंडल के नवनियुक्त अध्यक्ष तारा चंद ने आम सहमति से ताजपोशी के लिए सभी सदस्यों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि हलके में भाजपा संगठन को ओर मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने जो भरोसा उनके नेतृत्व में दिखाया है उस पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App